Blog

नहर किनारे मिली युवक की संदिग्ध लाश…कुचली हुई हालत ने बढ़ाई रहस्य की परतें

,

फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

बिलासपुर – तखतपुर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध
परिस्थितियों में मौत का मामला अब और भी रहस्यमय हो गया है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास नहर किनारे मिले शव की हालत इतनी भयावह थी कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी भारी वाहन की चपेट में आने जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मार्ग पर शव मिला है, वहां आमतौर पर किसी भी भारी वाहन का आवागमन नहीं होता। मृतक की पहचान महासमुंद जिले के कुर्मीपारा निवासी हरिशंकर वैष्णव 40 वर्ष के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, हरिशंकर करीब 15 दिन पहले अपने परिचित दुष्यंत चंद्राकर के पास तखतपुर आया हुआ था, जो स्थानीय पॉलिटेक्निक संस्थान में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से अपने मित्र के साथ वहीं रह रहा था। बताया गया कि गुरुवार रात हरिशंकर घर से बाहर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नहर रोड किनारे उसका शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।

शव की स्थिति बुरी तरह कुचली हुई थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वाहन ने उसे रौंदा हो, हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियां इस संभावना पर सवाल खड़े कर रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की अंतिम गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे तखतपुर क्षेत्र में दहशत और
चर्चा का माहौल बना दिया है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *