कृषि विज्ञान केन्द्र में महिला किसान दिवस मनाया गया…कृषक महिला दिव्या देवी वर्मा को प्रतीक चिन्ह एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया

बिलासपुर. कृषि विज्ञान केन्द्र, बिलासपुर में डॉ. अरूण त्रिपाठी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख के मार्गदर्शन में महिला किसान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र की प्रभारी वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, डॉ. शिल्पा कौशिक ने कृषि में बदलाव लाने में महिला उद्यमियों की भूमिका पर महिला कृषकों से चर्चा की, साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र के विभिन्न क्रिया-कलापों की जानकारी दी। उद्यानिकी विशेषज्ञ, डॉ. अमित कुमार शुक्ला ने फल-फूल, सब्जी-भाजी की विभिन्न कास्त तकनीक के बारे में महिलाओं से चर्चाा की। गृह वैज्ञानिक, डॉ. निवेदिता पाठक ने खेती में महिलाओं की सहभागिता एवं पोषण पर चर्चा की। इंजी. पंकज मिंज ने धान की कटाई में विभिन्न यंत्रों के उपयोग के बारे में जानकारी साझा की। कीट वैज्ञानिक, डॉ. एकता ताम्रकार एवं डॉ. स्वाति शर्मा ने धान एवं सब्जियों में लगने वाले कीट एवं उनके उपचार की जानकारी के साथ कीटनाशक के समुचित उपयोग में किसानों को सावधानियां बताई। सस्य वैज्ञानिक, श्रीमति हेमकांति बंजारे ने कृषकों से समन्वित खाद प्रबंधन पर चर्चा की। कम्प्यूटर विशेषज्ञ, श्रीमती सुशीला ओहदार ने कृषि में क्रॉप डॉक्टर एप के उपयोग एवं डाउनलोडिंग की सम्पूर्ण जानकारी कृषक महिलाओं को दी।

कार्यक्रम के अंत में कृषक महिला श्रीमती दिव्या देवी वर्मा, ग्राम मल्हार को प्रतीक चिन्ह एवं पौधा देकर सम्मानित किया गया। बिलासपुर जिले के विभिन्न विकासखण्डों से 40 महिला कृषक कृषि विज्ञान केन्द्र में उपस्थित हुई एवं अपने अनुभव को वैज्ञानिकों के साथ साझा किया।