जिले के 140 उपार्जन केंद्रों में होगी आज से धान खरीदी

विवादित और संवेदनशील केंद्रों के प्रबंधकों को बदले जाने की कवायद शुरू
बिलासपुर। जिले में धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारिया पूरी कर ली है।इसके लिए कलेक्टर ने लगातार बैठक करके धान खरीदी में विशेष नजर रखने और किसानों का एक एक दाना धान खरीदने की बात कही है।दरअसल 14 नवंबर से शुरू होने वाले धान खरीदी केंद्रो में जिला प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारियां कर ली है।
140 उपार्जन केंद्रों में कलेक्टर ने बारीकी से नजर रखकर और किसानों को टोकन के साथ धान खरीदी करने के निर्देश दिए है।
हालाकि धान खरीदी
का काम 31जनवरी तक है जिसके लिए युद्ध स्तर से काम किया गया है।यही कारण है कि राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
जिसके लिए धान खरीदी केंद्रो में तापमापी मशीन, बरदाना,चबूतरा,इलेक्ट्रॉनिक मशीन,बिजली और पानी समेत तिरपाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है। ताकि किसी तरह की कोई भी लापरवाही न हो और धान खरीदी में
कोई प्रबंधक लापरवाहीं नहीं बरते।
इसमें उन केंद्रों पर विशेष नजर रखा गया है जहां पर कई बार कलेक्टर को किसी न किसी तरह की शिकायत मिलती है और किसान ज्ञापन देने पहुंचते है।इसलिए कलेक्टर ने धान खरीदी को गंभीरता से लेते हुए
सभी को पहले से कसरत करवा दिया है। ताकि मैदान में जब खरीदी करने उतरे तो कोई बहाना न कर सके।
प्रबंधक हड़ताल पर थे तो ऑपरेटरों को भी दिया गया प्रशिक्षण
धान खरीदी केंद्रो
के समिति प्रबंधक 3 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे जिसके कारण जिले के ऑपरेटरो को बैंक में धान खरीदी के बारे में बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया। ताकि किसी कारण से हड़ताल अगर खत्म नहीं हुआ तो धान खरीदी में किसी तरह की कोई रुकावट न आए।
72 खरीदी केंद्रो में 185 किसानों ने लिया टोकन
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी ने बताया कि शाम 5 बजे तक 72 धान खरीदी केंद्रो में 185 किसानों ने टोकन लिया है जो रात तक बढ़ भी सकता है।इसमें 9 हजार क्विंटल धान की खरीदी होगी
140 धान खरीदी केंद्रो में सिर्फ 9 खरीदी केंद्रो में नहीं हुआ जीरो शॉर्टेज
नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में 140 धान उपार्जन केंद्र है इसमें 9 खरीदी केंद्रो को ज्यादा संवेदनशील माना गया है। जिसमें गोडाडीह, गतौरा,भरारी,मल्हार, वेद परसदा, टिकारी, पोड़ी, पिरैया और रिस्दा शामिल है। जो संवेदनशील है। जहां पर धान खरीदी में जीरो शॉर्टेज नहीं हुआ है। जो विवादों में अब तक बना हुआ है जिसका मामला अभी भी लंबित है। इसमें से गोडाडीह वाला प्रबंधक जेल की हवा खा रहा है जिसके कारण ऑपरेटर खरीदी करेंगे।
संवेदनशील धान खरीदी केंद्रो पर रहेगी विशेष नजर
कलेक्टर ने जिले में 12 संवेदनशील धान खरीदी केंद्रो पर खास नजर रखने निर्देशित किया है। संबंधित एसडीएम,तहसीलदार और नोडल अफसर को जिम्मेदारी दी है,कहा गया है कि अगर जरा
भी लापरवाही हुई तो सीधे कार्यवाही होगी
आज से 31 जनवरी तक युद्ध स्तर पर करना होगा काम
नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने बताया कि धान खरीदी केंद्रो के लिए राज्य सरकार खुद गंभीर है और इसके लिए दो महीने तक अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। जिसे प्राथमिकता से ड्यूटी करने निर्देशित किया गया है। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही भी हो सकती है।
कलेक्टर ने जिला नोडल अधिकारी,एसडीएम और तहसीलदार के साथ केंद्र के नोडल अधिकारी की लगाई ड्यूटी
पहली बार ऐसा हुआ है जब एसडीएम के साथ तहसीलदार,नायब तहसीलदार और नोडल अधिकारी धान खरीदी केंद्रो की मॉनिटरिंग करेंगे। इसमें नोडल अधिकारी तो केंद्रो पर मौजूद रहेंगे लेकिन तहसीलदार अपने अपने धान खरीदी केंद्रो का निरीक्षण करते रहेंगे।ब्लॉक स्तर की मॉनिटरिंग एसडीएम करेंगे और हर दिन शाम को धान खरीदी की रिपोर्ट कलेक्टर को करेंगे। यह ड्यूटी इसलिए लगाई गई है ताकि पिछले साल गड़बड़ी करने वाले प्रबंधक इस बार कुछ न कर सके और जीरो शॉर्टेज आ सके।
बाहरी धान आने पर रोक लगाने बनाया गया टीम,जिले के बोर्डर पर तैनात रहेगी टीम
जिला नोडल अधिकारी आशीष दुबे ने बताया कि आकर बाहर से भी धान आने की संभावना रहती है।इसलिए कलेक्टर के निर्देश पर टास्क फोर्स बनाया गया है जो धान खरीदी केंद्रो के अलावा बाहरी इलाके में निगरानी करेगी और खासकर उन जगहों पर जो जिले के बॉर्डर पर पड़ते है।ताकि बाहर का धान खरीदी केंद्रो तक न पहुंच सके।
मै क्या बताऊंगा इसमें,वह तो जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बताएगा। आप उनसे ही पूछ लो।
अनुराग भदौरिया
खाद्य नियंत्रक बिलासपुर
जिले में धान खरीदी केंद्रो में पूरी तरह से युद्ध स्तर पर तैयारिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही कलेक्टर ने एसडीएम से लेकर नोडल अफसरों तक की ड्यूटी लगाई है।जिसकी मॉनिटरिंग करने निर्देशित किया गया है,और सबसे बड़ी बात कि कलेक्टर खुद इसके लिए गंभीर है।
आशीष दुबे
जिला नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर
जिले में धान खरीदी की तैयारिया पूरी हो चुकी है।गड़बड़ी मिलने पर कार्यवाही होगी और इसके लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अवनीश शरण
कलेक्टर बिलासपुर