Blog

सरकंडा में होर्डिंग हादसे से सबक नहीं, महामाया चौक पर फिर दोहराई गई लापरवाही

स्ट्रीट लाइट पोलों पर अवैध बैनर-पोस्टरों से बड़ा हादसा टलते-टलते बचा

बिलासपुर।सरकंडा क्षेत्र में कुछ महीने पहले पोल से होर्डिंग गिरने से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत ने शहर को झकझोर दिया था। उस घटना के बाद शहरभर में आक्रोश देखने को मिला और नगर निगम ने जल्द ही स्ट्रीट लाइट पोलों पर अवैध होर्डिंग लगाने वालों पर जुर्माना लगाने की योजना तैयार की थी। हालांकि सोमवार को सामने आई तस्वीरें बताती हैं कि निगम की यह योजना अब भी केवल कागज़ों में सिमटी हुई है।महामाया चौक से कोनी तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक छात्र संगठन के प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर विद्युत खंभों तथा स्ट्रीट लाइट पोलों पर लगाए गए। इन बैनरों को लगाने में इतनी लापरवाही बरती गई कि कई पोस्टर सड़क की ओर झुके हुए थे, जो किसी भी वक्त गिरकर हादसे को जन्म दे सकते थे। जिस प्रकार पिछला हादसा अनियंत्रित और अवैध होर्डिंग के कारण हुआ था, वही स्थिति सोमवार को भी दिखाई दी।सबसे चिंताजनक बात यह है कि न तो नगर निगम की टीम ने इस जोखिम पर ध्यान दिया और न ही किसी राजनीतिक दल या प्रशासनिक अधिकारी ने इसे रोकने की पहल की। हर बार हादसा होने के बाद संवेदनाएं जताई जाती हैं, लेकिन रोकथाम के लिए ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई अभी भी नदारद है। शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी लापरवाही पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा दोबारा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *