अंतरजातीय विवाह करने पर डीएसपी के परिवार का सामाजिक बहिष्कार
डीएसपी ने कोटा थाने में दर्ज कराया मामला
सतगढ़ तंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ जुर्म हुआ दर्ज
बिलासपुर। दूसरे समाज की लड़की से विवाह करना एक डीएसपी को भारी पड़ गया। समाज के लोगों ने न सिर्फ नाराजगी जाहिर की, बल्कि उनके पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। परिजनों को सामाजिक कार्यक्रमों से दूर रखा जा रहा है, ना उन्हें बुलावा मिल रहा और ना ही उनके आयोजनों में समाज के लोग शामिल हो रहे हैं। हालात से परेशान होकर डीएसपी ने कोटा थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
बता दे अंतरजातीय विवाह करने पर डीएसपी मैखेलेंद्र प्रताप सिंह के परिवार को उनके समाज ने बहिष्कृत कर दिया है। सामाजिक बहिष्कार का सामना कर रहे डीएसपी के परिजनों ने जब इसकी जानकारी उन्हें दी, तो उन्होंने खुद कोटा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना के मानिकपुर गांव का है।
बिलासपुर के सकरी क्षेत्र स्थित आसमा सिटी निवासी मैखेलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में सरगुजा संभाग में पदस्थ हैं। उन्होंने दूसरे समाज की युवती से विवाह किया है, जिससे उनके मूल समाज के लोग नाराज हो गए। समाज के लोगों ने उनके गृहग्राम बेलगहना मानिकपुर में परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया।
परिजनों को शादी, त्यौहार या किसी भी सामूहिक सामाजिक आयोजन में आमंत्रित नहीं किया जा रहा है। और जब वे किसी कार्यक्रम में जाते हैं तो उन्हें प्रवेश से ही रोक दिया जाता है। समाज के लोगों ने बाकायदा बैठक कर बहिष्कार का निर्णय लिया गया। जिसके बाद से डीएसपी के परिजन लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।
परिवारजनों से मिल रही जानकारी और लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर डीएसपी मैखेलेंद्र प्रताप सिंह ने कोटा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत पर कोटा पुलिस ने वीरेंद्र कुमार सिंह,श्रवण सिंह,धर्मेंद्र पाल समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 7,2,296,3,5,351,2 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
समाज के लोगो ने जारी किया लेटर पैड
सतगढ़ तंवर समाज ने बहिष्कार करते हुए
बकायदा समाज के लेटर पैड में बहिष्कार का पूरा ब्यौरा दिया है। और इसमें प्रदेश अध्यक्ष समेत समाज के अन्य सदस्यों ने भी सहमति जताई है।
जिसमें समाज के लोगों ने डीएसपी की शादी का विरोध किया है।
वर्जन
शादी को लेकर समाज में असहमति थी और कुछ लोगों ने बहिष्कार का नोटिस जारी किया था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अर्चना झा,,एएसपी ग्रामीण बिलासपुर