अंतरराज्यीय पशु तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को मरवाही पुलिस ने किया गिरफ्तार

आदतन पशु तस्कर दौलत राठौर सहित एक अन्य आरोपी गिरफ्तार, चारपहिया वाहन सहित 11 नग मवेशी किए गए जप्त
जीपीएम।कृषिक पशुओं के प्रति क्रूरता के निवारण हेतु शासन की मंशानुरूप, पुलिस अधीक्षक जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सुरजन राम भगत द्वारा गौवंश तस्करी से संबंधित अपराधों की रोकथाम हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी क्रम में, गौवंश तस्करी से जुड़े अपराधों की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में थाना मरवाही और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए अंतरराज्यीय पशु तस्करों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है।
दिनांक 30 जुलाई 2025 को एसडीओपी दीपक मिश्रा एवं निरीक्षक सनीप रात्रे के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम बरटोला रटगा, थाना मरवाही क्षेत्र में दबिश देकर पशु तस्करों को धरदबोचा। इस कार्यवाही में आदतन पशु तस्कर दौलत राठौर निवासी ग्राम कंचनडीह, चौकी कोटमीकला, थाना पेंड्रा, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तथा उसके सहयोगी मन राखन सिंह मरावी निवासी ग्राम कंचनडीह, चौकी कोटमीकला, थाना पेंड्रा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से रेकी के लिए प्रयुक्त एक ऑल्टो कार और 11 नग कृषिक मवेशी जप्त किए गए हैं। पूछताछ और थानों से मिले रिकॉर्ड में यह भी सामने आया कि आरोपी दौलत राठौर पूर्व में भी थाना पेंड्रा और अनूपपुर क्षेत्र में पशु तस्करी से जुड़े अपराधों में संलिप्त रहा है। वर्तमान में अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा उनके आपराधिक नेटवर्क व संबंधों की गहराई से जांच की जा रही है।
संयुक्त टीम की सतर्कता और समन्वित प्रयास से मिली सफलता, आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी
जिला नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल के मार्गदर्शन में उक्त कार्यवाही में डीएसपी दीपक मिश्रा, निरीक्षक सनीप रात्रे एवं उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में उप निरीक्षक श्यामलाल गढ़वाल, सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह, प्रधान आरक्षक अजय सिंह, आरक्षक रमेश जायसवाल, अशोक कश्यप तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक रवि त्रिपाठी, आरक्षक राजेश शर्मा, हर्ष गहरवार और इंद्रपाल आर्मो सम्मिलित रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अत्यंत सतर्कता, कुशल समन्वय और तकनीकी सहायता के माध्यम से कार्यवाही को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास जारी हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में पंजीबद्ध मामलों की भी जानकारी एकत्र की जा रही है ताकि उनके आपराधिक इतिहास का पूर्ण आकलन किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत ने बताया कि अंतरराज्यीय पशु तस्करी में संलिप्त नेटवर्क के अन्य आरोपियों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।