Blog

कटघोरा से रतनपुर तक हाथी की दस्तक, वन विभाग ने बढ़ाई सतर्कता

हाथी की मूवमेंट पर 24 घंटे निगरानी, ग्रामीणों को मुनादी से किया जा रहा सतर्क

बिलासपुर।कटघोरा वनमंडल की सीमा पार कर एक जंगली हाथी अब बिलासपुर वनमंडल के रतनपुर रेंज में प्रवेश कर चुका है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

बिलासपुर वनमंडल के रतनपुर रेंज में एक जंगली हाथी की सक्रियता की पुष्टि हुई है, जो कटघोरा से होते हुए यहां तक पहुंचा है। फिलहाल हाथी गांवों की सीमाओं के आसपास घूम रहा है। इसे देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और लगातार निगरानी कर रही है। प्रभारी डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि सभी संवेदनशील इलाकों में सरपंचों और जनप्रतिनिधियों को अलर्ट किया गया है, और लोगों से जंगल के पास न जाने की अपील की गई है।विभागीय आकलन है कि यह हाथी बेलगहना या अचनाकमार टाइगर रिजर्व की ओर रुख कर सकता है। वन विभाग की टीमें लगातार पहरेदारी कर रही हैं और हाथी की हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। संभावित खतरे को देखते हुए बिजली विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि हादसे से बचा जा सके।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी लापरवाही से नुकसान हो सकता है। आम जनता से अपील की गई है कि यदि हाथी को देखें या उसकी आवाज सुनें तो तत्काल वन अमले को सूचना दें और जंगल के आसपास न जाएं। यह पूरी व्यवस्था आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।

कोटा-बेलगहना क्षेत्र में वन विभाग की सतर्कता से एकल नर हाथी के बावजूद कोई जन-हानि नहीं

कोटा-बेलगहना वन परिक्षेत्र में पिछले चार दिनों से एक एकल नर हाथी की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन वन विभाग की सतर्कता, त्वरित कार्यप्रणाली और सुनियोजित रणनीति के चलते अब तक किसी प्रकार की जन-धन की हानि नहीं हुई है।वन विभाग की टीम लगातार 24 घंटे रोटेशन शिफ्ट में क्षेत्र की निगरानी कर रही है। स्थानीय स्टाफ द्वारा मूवेबल माइक के माध्यम से गांव-गांव मुनादी कर ग्रामीणों को समय पर सतर्क किया जा रहा है, जिससे हाथी के मूवमेंट की जानकारी तुरंत आमजन तक पहुँच सके।हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। वन अमले की इस सक्रियता का ही परिणाम है कि हाथी की उपस्थिति के बावजूद क्षेत्र में शांति बनी हुई है।इस अभियान का संचालन डीएफओ कुमार निशांत के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है, वहीं एसडीओ एवं क्षेत्रीय रेंजरों के नेतृत्व में फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

मूवेबल माइक से ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

वर्तमान में हाथी की लोकेशन कुरदर ग्राम के समीप दर्ज की गई है। विभाग लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें, हाथी के पास जाने से बचें और किसी भी जानकारी के लिए तुरंत वन विभाग को सूचित करें

वर्जन
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अब तक हाथी से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

कुमार निशांत, प्रभारी डीएफओ बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *