Blog

अचानकमार टाइगर रिजर्व में सफारी पर मानसून की मार, 16 जून से बंद हो सकता है कोर ज़ोन

बारिश होते ही चार महीने तक पर्यटक नहीं कर सकेंगे बाघों और वन्य जीवों का दीदार

बिलासपुर।अचानकमार टाइगर रिजर्व के कोर जोन में जंगल सफारी का आनंद लेने वाले सैलानियों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। अगर अगले कुछ दिनों में बारिश होती है, तो 16 जून से कोर ज़ोन को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। यह निर्णय राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की गाइडलाइन के अनुरूप लिया जाएगा ताकि वन्यजीवों के प्रजनन काल के दौरान उनके प्राकृतिक आवास और जीवन में किसी तरह का व्यवधान न हो। अचानकमार टाइगर रिजर्व के प्रबंधन के अनुसार, कोर एरिया को मानसून के दौरान चार महीने तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। इस अवधि में टाइगर रिजर्व के भीतर बाघ, तेंदुआ, हाथी, भालू और दुर्लभ ब्लैक पैंथर तो रहेंगे, लेकिन सैलानी इन वन्य जीवों को नजदीक से नहीं देख पाएंगे। प्रबंधन का कहना है कि यह कदम प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने और जंगल के जैवविविधता की रक्षा के लिए आवश्यक है।हालांकि पर्यटकों के लिए राहत की बात यह है कि बफर एरिया में सफारी की सुविधा मानसून के दौरान भी जारी रहेगी। पर्यटक बफर ज़ोन की खूबसूरती और जैवविविधता का आनंद ले सकेंगे। फिलहाल रिजर्व में सैलानियों के भ्रमण के लिए 7 छह-सीटर वाहन, 2 नौ-सीटर वाहन और एक 22-सीटर मिनी बस की व्यवस्था है।अचानकमार टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर यू.आर. गणेश ने बताया कि यदि मौसम साफ रहता है और बारिश नहीं होती है, तो कोर ज़ोन को जून महीने के अंत तक खुला रखा जा सकता है।इस स्थिति में कोर ज़ोन 1 जुलाई से बंद होगा और 31 अक्टूबर तक सभी सफारी सेवाएं स्थगित रहेंगी। 1 नवंबर से जंगल एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *