अटल यूनिवर्सिटी का छठवां दीक्षांत समारोह 4 दिसंबर को….पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे मुख्य अतिथि

619 उपाधियाँ, 551 प्रशस्ति पत्र,दीक्षांत में होगा बड़ा सम्मान समारोह
बिलासपुर । अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय 4 दिसंबर को अपना छठवां दीक्षांत समारोह आयोजित करने जा रहा है। इस बार समारोह का स्तर और भी भव्य होने वाला है, क्योंकि मुख्य अतिथि के रूप में देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शामिल होंगे।मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति ए.डी.एन वाजपाई ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस वर्ष विश्वविद्यालय कुल 62 स्वर्ण पदक प्रदान करेगा। ये मेडल उन मेधावी छात्रों को मिलेंगे जिन्होंने अपने-अपने विषयों में प्रथम स्थान हासिल किया है।इसके अलावा दूसरे से दसवें स्थान तक के 551 विद्यार्थियों को मंच से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं कुल 619 उपाधियाँ दी जाएंगी, जिनमें 63 पीएचडी डिग्री भी शामिल हैं।दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अलावा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रवि नांदे, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, क्षेत्र के सभी विधायक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जिससे कार्यक्रम का गरिमामय स्तर और बढ़ने वाला है।सबसे खास बात इस साल भी लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय के 51 विभागों में से 40 विभागों में गोल्ड मेडलिस्ट छात्राएं बनी हैं।साथ ही 53 विभागों के टॉप-10 में 350 छात्राएं शामिल हैं। यह उपलब्धि प्रदेश में बेटियों की शिक्षा और मेहनत दोनों का शानदार उदाहरण पेश करती है।4 दिसंबर को बिलासपुर एक बार फिर प्रतिभा, उपलब्धि और सम्मान का साक्षी बनने जा रहा है। अटल यूनिवर्सिटी का छठवां दीक्षांत समारोह छात्रों के लिए यादगार और ऐतिहासिक साबित होने वाला है।