अटल यूनिवर्सिटी के छात्रों की मुश्किलें बढ़ीं,छात्रवृत्ति से वंचित सैकड़ों विद्यार्थी

छात्रवृत्ति पोर्टल ने दिया धोखा, विधि छात्रों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
तकनीकी गड़बड़ियों से अटके फॉर्म, गरीब छात्रों की पढ़ाई पर संकट
बिलासपुर।अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर से इस वक्त की बड़ी खबर… विश्वविद्यालय के विधि विभाग के अनेक छात्र–छात्राएँ इस वर्ष छात्रवृत्ति आवेदन से वंचित रह गए हैं। वजह बनी तकनीकी दिक्कतें, दस्तावेजों की समय पर उपलब्धता में देरी और पोर्टल पर अधूरी जानकारी। इसका सबसे ज्यादा असर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों पर पड़ा है, जिनकी पढ़ाई का प्रमुख सहारा ही यह छात्रवृत्ति है।छात्रों का कहना है कि पूरा सत्र ऑनलाइन आवेदन तिथियों के भरोसे गुज़र गया, लेकिन पोर्टल में बार–बार त्रुटियाँ आने से वे फार्म जमा नहीं कर सके। कई विद्यार्थियों के महत्वपूर्ण दस्तावेज समय पर अपडेट नहीं हो पाए, जिसकी वजह से आवेदन अधर में लटक गया। इसी समस्या को लेकर विशाल मरावी के नेतृत्व में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में छात्रों ने मांग की कि छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोला जाए और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, ताकि सभी पात्र छात्र आवेदन कर सकें। विद्यार्थियों का कहना है कि तिथि बढ़ने से बड़ी संख्या में छात्र अपनी पढ़ाई बिना रुकावट जारी रख पाएंगे।