अध्यक्ष की मनमानी से मल्हार नगर पंचायत में बवाल….बैठक में उपाध्यक्ष को जड़ा तमाचा….विकास कार्यों पर छाया राजनीतिक वर्चस्व का साया

बिलासपुर । जिले के मल्हार नगर पंचायत में सत्ता संघर्ष और आपसी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। विकास कार्यों को लेकर लगातार चल रही अंदरूनी लड़ाई इस बार उस वक्त विवाद का बड़ा रूप ले बैठी, जब मल्हार महोत्सव की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट ने उपाध्यक्ष सुशील चौबे को सार्वजनिक रूप से तमाचा जड़ दिया। इस घटना के बाद न केवल बैठक का माहौल गरमा गया बल्कि नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और नेतृत्व शैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को मल्हार रेस्ट हाउस में नगर पंचायत द्वारा मल्हार महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक बुलाई गई थी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट, उपाध्यक्ष सुशील चौबे, कई पार्षदों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम, तहसीलदार और नगर पंचायत सीएमओ भी बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के दौरान महोत्सव की कार्ययोजना पर चर्चा चल रही थी, तभी किसी मुद्दे को लेकर अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट अचानक आक्रोशित हो गईं और ऊंची आवाज में बोलने लगीं। बैठक में मौजूद उपाध्यक्ष सुशील चौबे ने अध्यक्ष से शांत होकर अपनी बात रखने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट ने अपना आपा खो दिया और बैठक के बीचों-बीच उपाध्यक्ष को तमाचा जड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां मौजूद पार्षदों के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। इस अप्रत्याशित घटना से बैठक में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्तब्ध रह गए। स्थिति को बिगड़ते देख अधिकारियों ने माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता देख अंततः बैठक को स्थगित करना पड़ा। इस घटना के बाद उपाध्यक्ष और पार्षदों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि नगर पंचायत अध्यक्ष लगातार मनमानी और दबाव की राजनीति कर रही हैं, जिससे विकास के मुद्दे पीछे छूटते जा रहे हैं। घटना के बाद उपाध्यक्ष सुशील चौबे और अन्य पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की है। पार्टी स्तर पर भी इस घटना को लेकर हलचल मच गई है। चूंकि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही भाजपा से जुड़े हुए हैं, इसलिए फिलहाल पार्टी पदाधिकारी मामले को आपसी समझाइश से सुलझाने की कोशिश में लगे हुए हैं।
पहली बार नहीं बल्कि पहले भी हो चुकी है मारपीट
बता दे यह पहली बार नहीं है जब नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट का विवाद सामने आया हो। इससे पहले भी वे नगर पंचायत सीएमओ के कार्यालय में घुसकर अभद्रता कर चुकी हैं। उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद सीएमओ ने मल्हार चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था। उस समय भी पार्टी की ओर से मामले को दबाने की कोशिश की गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने मल्हार नगर पंचायत के प्रशासनिक माहौल को प्रभावित किया है।
विकास कार्यों की बजाय व्यक्तिगत वर्चस्व और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की लड़ाई
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि नगर पंचायत में विकास कार्यों की बजाय व्यक्तिगत वर्चस्व और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की लड़ाई चल रही है। इसका सीधा असर नगर के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर पड़ रहा है। वहीं इस ताजा विवाद ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि क्या नगर पंचायत में जनहित से ज्यादा व्यक्तिगत अहंकार और सत्ता संघर्ष हावी हो गया है। यदि समय रहते इस तरह के विवादों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो इसका खामियाजा मल्हार की जनता और विकास योजनाओं को भुगतना पड़ सकता है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हंगामा, मल्हार महोत्सव की तैयारी बैठक स्थगित
जिले की मल्हार नगर पंचायत में इन दिनों विकास कार्यों से ज्यादा आपसी विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। मल्हार महोत्सव की तैयारियों को लेकर रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक उस समय विवाद में बदल गई, जब नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट और उपाध्यक्ष सुशील चौबे के बीच तीखी बहस हो गई।जिसके कारण जमकर हंगामा हुआ और मामला मारपीट तक जा पहुंचा।
अध्यक्ष ने गुस्से में आकर उपाध्यक्ष को मारा थप्पड़
चर्चा के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि अध्यक्ष ने गुस्से में आकर उपाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया। घटना के समय एसडीएम, तहसीलदार और नगर पंचायत के सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे। अचानक हुए इस विवाद से बैठक का माहौल बिगड़ गया और अधिकारियों को बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा।जानकारी के मुताबिक बैठक में मल्हार महोत्सव की तैयारियों और नगर पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान किसी मुद्दे को लेकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपाध्यक्ष द्वारा अध्यक्ष को शांत रहने और अपनी बात क्रम से रखने की सलाह दी गई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।याद हो कि अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट का विवादों से जुड़ा एक वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें वे नगर पंचायत सीएमओ से तीखी बहस करती नजर आई थीं।
दोनों भाजपा से जुड़े इसलिए चल रही समझाइश की कोशिश
मल्हार नगर पंचायत में भाजपा का कब्जा है। रेस्ट हाउस में हुई बैठक के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष से मारपीट की। साथ ही पार्षदों से भी गाली-गलौज की। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा के पदाधिकारियों ने दोनों पक्ष के बीच समझौते का प्रयास शुरू कर दिया है।
सीएमओ कार्यालय में घुसकर की थी अभद्रता
नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केवट ने इससे पहले नगर पंचायत सीएमओ के कार्यालय में घुसकर अभद्रता की थी। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ था। बाद में नगर पंचायत सीएमओ ने इसकी शिकायत मल्हार चौकी में की। इस पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है।
मल्हार नगर पंचायत विवादों के घिरा,कई बार हो चुकी है घटनाएं
मल्हार नगर पंचायत में एक बार नहीं बल्कि कई बार घटनाएं हो चुकी है।जिसके कारण नगर पंचायत विवादों से घिरा हुआ है।यही नहीं कभी पार्षद तो कभी अध्यक्ष और कभी सीएमओ का भी विवाद होते रहा है।जिसके कारण जिले के सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वाला नगर पंचायत बना हुआ है।
अध्यक्ष ने नहीं उठाया फोन
शनिवार की रात करीब 9.22 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष के नम्बर 8889970060 में उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया।लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
वर्जन
मल्हार नगर पंचायत
उपाध्यक्ष ने बैठक के दौरान हुई घटना की शिकायत की है। इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोहित जायसवाल
भाजपा जिला अध्यक्ष बिलासपुर
वर्जन
रेस्ट हाउस में बैठक के दौरान अध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से जिस तरह से हरकत की है उसकी शिकायत पार्टी फोरम में कर दी गई है। पार्टी अध्यक्ष की ओर से जल्द ही इस संबंध में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।मौके पर पार्षद और अन्य लोग मौजूद थे।
सुशील चौबे
उपाध्यक्ष नगर पंचायत मल्हार