अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सुनहरा मौका, सरकार दे रही एक लाख तक का लोन….
एक लाख का लोन, 50 हजार की छूट, आत्मनिर्भर बनने का मौका…
अब हुनर को मिलेगा सहारा, केंद्र सरकार दे रही स्वरोजगार लोन…
बिलासपुर।अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार की योजना ज़मीन पर उतर रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अब पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए आसान शर्तों पर ऋण सुविधा दी जा रही है।अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए एक लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है। इस राशि से हितग्राही अपनी रुचि के अनुसार दुकान, सेवा, उत्पादन या कोई भी छोटा व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। योजना की खास बात यह है कि एक लाख रुपये के ऋण पर 50 प्रतिशत यानी 50 हजार रुपये तक की छूट भी दी जा रही है, जिससे लाभार्थियों पर आर्थिक बोझ कम पड़ेगा।अधिकारियों ने बताया कि एक लाख रुपये तक के ऋण के लिए किसी भी अनुभव प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, यदि इससे अधिक राशि का ऋण लिया जाता है, तो संबंधित व्यवसाय से जुड़ा अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।यह योजना न केवल रोजगार के नए अवसर खोलेगी, बल्कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। अब जरूरत है कि पात्र हितग्राही आगे आएं और इस योजना का अधिक से अधिक लाभ मिल सके।