अपराध मुक्त बिलासपुर के लिए पुलिस का बड़ा एक्शन

एसएसपी के निर्देश पर गुंडे-बदमाश और स्थायी वारंटियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
बिलासपुर । जिले को पूरी तरह अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन अब आर-पार के मूड में नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले भर के सभी राजपत्रित अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान चलाकर गुंडे-बदमाशों, असामाजिक तत्वों और लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

दरअसल एसएसपी के निर्देशों के परिपालन में बिलासपुर शहर में पुलिस ने ताबड़तोड़ अभियान चलाया। इस दौरान न सिर्फ गुंडे-बदमाशों पर शिकंजा कसा गया, बल्कि कोर्ट और पुलिस को लंबे समय से चकमा दे रहे स्थायी वारंटियों को भी धरदबोचा गया। पुलिस की इस सख्ती से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।पूरे अभियान की जानकारी देते हुए सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देशों का असर 31 दिसंबर की रात ही देखने को मिला, जब पूरा शहर शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त रहा। किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई, जिसका श्रेय सड़कों पर सक्रिय पुलिस बल और सख्त कार्रवाई को जाता है।सीएसपी गगन कुमार के अनुसार, जनवरी महीने की शुरुआत से ही पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान तेज किया है। इसी कड़ी में बीती रात शहर में विशेष “कॉम्बेट ऑपरेशन” चलाया गया, जिसमें लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों और अपराधियों को रात के अंधेरे में गिरफ्तार किया गया।इतना ही नहीं, पुलिस ने ऐसे निगरानी बदमाशों पर भी शिकंजा कसा, जो थाने में हाजिरी देने से बच रहे थे। रातभर चले अभियान के दौरान
30 स्थायी वारंटी,
69 गिरफ्तारी वारंटी, 23 फरार आरोपी,
और 6 संदिग्ध गुंडा/निगरानी बदमाश शामिल हैं।कई बदमाशों को उनके ठिकानों से उठाकर थाने लाया गया और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। बिलासपुर पुलिस का साफ संदेश है अपराध और अपराधियों के लिए अब शहर में कोई जगह नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि बिलासपुर को पूरी तरह सुरक्षित और अपराध मुक्त शहर बनाया जा सके।