शिक्षा विभाग का नया निर्देश
सभी स्कूलों पर होगी सख्त मॉनिटरिंग
बिलासपुर। शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने और विद्यार्थियों की गुणवत्ता पूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को लेकर नया निर्देश जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब हर स्कूल में बराबर मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देश के अनुसार विद्यार्थियों की समय पर उपस्थिति और शिक्षकों की नियमित हाजिरी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही निशुल्क गणवेश वितरण, उसकी गुणवत्ता और निशुल्क पाठ्य पुस्तकों के समय पर वितरण की स्थिति पर भी नजर रखी जाएगी। विभाग का मानना है कि इन बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत किए बिना शिक्षा स्तर में सुधार संभव नहीं है।इसके अलावा फर्नीचर और लैब उपकरणों की उपलब्धता, जर्जर भवनों की मरम्मत की जानकारी तथा शिक्षा के अधिकार के तहत विद्यार्थियों के प्रवेश की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। स्वामी आत्मानंद स्कूलों में विद्यार्थियों के प्रवेश और संचालन की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। पालक-शिक्षक संगठन की बैठकों पर चर्चा, अनुकंपा नियुक्तियों की स्थिति और कक्षाओं के समय पर लगने को लेकर भी विभाग ने साफ कर दिया है कि इन सबकी हर सप्ताह मॉनिटरिंग होगी। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस सख्त मॉनिटरिंग से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा, बल्कि बच्चों को बेहतर माहौल में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। विभाग का उद्देश्य है कि ग्रामीण से लेकर शहरी सभी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था समान रूप से मजबूत की जा सके।