Blog

अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, झारखंड का आरोपी हिरासत में

रायगढ़ ।जिले के तमनार थाना क्षेत्र में अवैध अफीम खेती का बड़ा मामला सामने आया है। गोपनीय सूचना के आधार पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, आबकारी विभाग और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम ने मौके पर अफीम की फसल को चिन्हित कर कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मार्शल सांगा, पिता मिखाएल सांगा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम हडमबनम थाना खूंटी, जिला खूंटी (झारखंड) को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यहां अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि – हमें तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस, प्रशासन, आबकारी और एफएसएल की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर कार्रवाई की गई। मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में अफीम की अवैध खेती की पुष्टि हुई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *