युवक पर धर्म परिवर्तन करने का बनाया दबाव, अपराध दर्ज
सकरी थाना क्षेत्र का मामला, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। युवक के परिवार के सभी सदस्य हिंदू धर्म को बदलकर ईसाइ धर्म अपना लिए हैं। युवक का आरोप है कि पास्टर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा है। पीड़ित युवक की पत्नी व पास्टर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
सकरी पुलिस ने बताया कि संबलपुरी निवासी उत्तरा कुमार साहू पिता लोमस साहू (42) नगर निगम सकरी में सफाई कर्मी है। वह गांव अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहता है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी व ससुराल वाले उससे अलग हो गए हैं और ईसाइ धर्म अपना लिए है। पीड़ित उत्तरा कुमार ईसाइ धर्म नहीं अपनाना चाहता है। पास्टर संतेष मोसेस और उनकी पत्नी अनु मोसेस गांव आकर ईसाइ धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाते हैं। 2 फरवरी की सुबह 10 से 12 बजे के मध्य जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कर ईसाइ धर्म बदलने के नाम पर धमका रहे थे कि धर्म परिवर्तन कर लो तो ठीक रहेगा, नहीं तो प्रभु का प्रकोप पड़ेगा। इसके अलावा पास्टर संतोष मोसेस और उनकी पत्नी अनु मोसेस गांव के रामेश्वर साहू को भी धर्म परिवर्तन कर ईसाइ धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहे है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।