अमेरी फाटक में ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत.

बिलासपुर। अमेरी फाटक इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार को एक अधेड़ व्यक्ति ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अमेरी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक अधेड़ व्यक्ति अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को देख आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शव को ट्रैक से हटाकर अपने कब्जे में लिया गया और पंचनामा कार्रवाई की गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हादसा।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।