Blog

अरपा किनारे बसे वार्ड 13 में पानी के लिए हाहाकार, एक सप्ताह से सप्लाई ठप

दीनदयाल कॉलोनी के हजारों लोग टैंकर के सहारे, गर्मी से पहले ही गहराया जल संकट

बिलासपुर । जीवनदायिनी अरपा नदी के किनारे बसा नगर निगम का वार्ड क्रमांक 13 इन दिनों भीषण जल संकट से जूझ रहा है। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के इस इलाके में हाउसिंग बोर्ड की दीनदयाल कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि हजारों लोगों को पानी के लिए टैंकर के भरोसे रहना पड़ रहा है।

दरअसल वार्ड क्रमांक 13 स्थित दीनदयाल कॉलोनी में करीब 2200 मकान और लगभग 8 से 10 हजार की आबादी रहती है। लेकिन पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में लगे बोर बार-बार खराब हो रहे हैं और पानी टंकी से भी नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है।ऐसे में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग, महिलाएं और युवक तक पानी के लिए टैंकर के पीछे लाइन लगाकर बाल्टियों और डिब्बों में पानी भरने को मजबूर हैं। गर्मी की शुरुआत से पहले ही हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।इतने बड़े इलाके में केवल एक टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। वार्डवासियों का कहना है कि हर साल गर्मी शुरू होते ही यही स्थिति बन जाती है और महीनों तक उन्हें पेयजल संकट झेलना पड़ता है।हैरानी की बात यह है कि यह इलाका बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में आता है, जहां भाजपा के विधायक सुशांत शुक्ला हैं और नगर निगम में महापौर भी भाजपा की पूजा विधानी हैं। इसके बावजूद वार्ड 13 में मूलभूत सुविधा पानी के लिए लोग तरस रहे हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।वहीं विपक्ष कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जल संकट को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।- वार्डवासियों का कहना है कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अरपा नदी के किनारे बसे इस इलाके में जब लोगों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है, तो यह व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है। फिलहाल लोग टैंकर के सहारे हैं और प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *