Blog

अवैध रूप से डंप कर रखी गई रेत का वीडियो भेजा ग्रामीणों ने कलेक्टर को, अवैध खनन के 70 ट्रैक्टर रेत जप्त

ग्रामीणों ने कलेक्टर अवैध डंपिंग का वीडियो बना कर भेजा। अरपा नदी से बिना दस्तावेजों और बिना परमिट के अवैध रूप से खनन कर बरसात के मौसम में ऊंचे दाम पर खपाने के लिए रेत डंप किया गया था। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर प्रशासन और खनिज विभाग की टीम ने दबिश दी और मौके पेट अवैध रूप से डंप कर रखे गए 70 ट्रैक्टर रेत को जप्त कर लिया गया है। प्रशासन और खनिज विभाग की टीम ने घुटकू में कार्यवाही की है।

बिलासपुर। ग्राम घुटकू में अरपा नदी में हो रहे रेत के अवैध उत्खनन का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने कलेक्टर अवनीश शरण को भेज दिया। वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने राजस्व और खनिज अमले को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निर्देश पर राजस्व अमला खनिज व पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचा और छापामार कार्रवाई कर 70 ट्रैक्टर अवैध रेत जब्त किया है।

राजस्व विभाग की टीम जब खनिज व पुलिस बल को लेकर पहुंची तो देखा अरपा नदी में रेत उत्खनन जोरों से चल रहा था। तखतपुर एसडीएम शिवकुमार कंवर के नेतृत्व में टीम ने अवैध उत्खनन कर रहे व्यक्ति को धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि अवैध उत्खनन करवा रहा व्यक्ति घुटकू निवासी कुलदीप लोनिया है, जो अरपा नदी से अवैध रूप से रेत का खनन कर उसे सिंगारबाड़ी क्षेत्र में डंप कर रहा था। पूछताछ में कुलदीप रेत उत्खनन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। टीम ने मौके पर 70 ट्रैक्टर लगभग 210 घन मीटर रेत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। टीम आगे की कार्रवाई खनिज अधिनियम के तहत कर रही है।

बारिश में उत्खनन पर रोक, अभी से माफिया सक्रिय:–

बारिश के दिनों में अरपा नदी में उफान होने की वजह से रेत निकालना काफी जोखिम भरा होता है, वही शासन द्वारा 15 जून से मानसून सक्रिय होने की वजह से उत्खनन पर भी रोक लग जाती है। जून को नजदीक आता देख रेत माफिया अभी से अवैध उत्खनन कर रेत डम्पिंग करने सक्रिय हो चुके हैं।

रेत डंपिंग का बड़ा खेल, बेखबर खनिज विभाग:–
रविवार को कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व की टीम घुटकू क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन और डम्पिंग की कार्रवाई की है, उससे स्पष्ट हो जाता है कि खनिज विभाग को रेत के अवैध उत्खनन व भंडारण की भनक तक नहीं लग रही है। अरपा नदी ही नहीं, सीपत क्षेत्र की जीवन दायिनी खारंग नदी से भी भारी मात्रा में रेत निकालकर लखराम, पौंसरा, चोरहादेवरी, गढ़वट जैसे क्षेत्रों में खुलेआम डंप किया जा रहा है।

उत्खनन का दस्तावेज ही नहीं:–

राजस्व अमले ने दबिश देकर रेत भंडारण स्थलों की जांच की तो पता चला कि खनन करने व भंडारण करने वालो के पास न तो कोई दस्तावेज है और न ही खनन या परिवहन की कोई वैध अनुमति ले रखी है। रेत के अवैध उत्खनन व भंडारण जिस तरह से प्रदेश में चल रहा है उससे हर साल शासन को करोडो रुपये का राजस्व घाटा हो रहा है। बावजूद इसके अवैध उत्खनन व भंडारण रोकने खनिज विभाग के अधिकारी गंभीर नहीं हैं।

मामले में खनिज अधिकारी रमाकांत सोनी ने बताया कि “रेत खनन व भंडारण की लगातार सूचना मिल रही है। अमला सभी संदिग्ध स्थलों की सतत निगरानी कर जांच कर रहा है, जल्द ही अवैध तरीके से खनन व भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। “

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *