Blog

रेलवे जमीन पर बसे परिवारों ने मांगा स्थायी आवास

कलेक्टर को सौंपा आवेदन

बिलासपुर। शहर के इन्द्रपुरी वार्ड क्रमांक 8 के दर्जनों परिवारों ने कलेक्टर को आवेदन पत्र सौंपकर स्थायी आवास की मांग की। ये परिवार लंबे समय से रेलवे की भूमि पर झोपड़ी बनाकर जीवन-यापन कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने हाल ही में उन्हें जमीन खाली करने का नोटिस दिया है, जिससे परिवारों में भारी चिंता का माहौल है। आवेदको में बताया गया है कि करीब 500 से अधिक लोग वर्षों से इस भूमि पर निवासरत हैं। वे गरीब तबके से आते हैं और झुग्गी-झोपड़ी में रहकर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। अचानक जमीन खाली करने का नोटिस मिलने से उनके सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर उन्हें हटाया गया तो वे अपने परिवार सहित सड़कों पर आ जाएंगे। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की देखभाल और रोजमर्रा की जिंदगी पर गहरा असर पड़ेगा। आवेदनकर्ताओं का कहना है कि उनके पास न तो कोई दूसरी जमीन है और न ही इतनी आर्थिक स्थिति कि कहीं और जाकर प्लॉट खरीद सकें। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और रहवासियों ने भी इस मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बेघर करना न्यायसंगत नहीं होगा। आवेदन में निवेदन किया गया है कि इन परिवारों को इन्द्रपुरी क्षेत्र या आसपास किसी सुरक्षित भूमि पर स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए। प्रभावित परिवारों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि उनकी परिस्थिति को देखते हुए उचित कार्रवाई की जाए और उन्हें आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *