असिस्टेंट मैनेजर के घर दिनदहाड़े चोरी, साढ़े 3 लाख का माल पार

बिलासपुर।सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के असिस्टेंट मैनेजर विनोद पाठक के घर से चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये के नकदी और गहने पार कर ले गए। घटना 23 से 24 नवंबर के बीच की है, जब परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था। जानकारी के मुताबिक, नंद विहार कॉलोनी में रहने वाले विनोद पाठक अपने परिवार के साथ मंगला चौक स्थित रियल हेवन्स के पीछे बने मकान में रहते हैं। 23 नवंबर की सुबह वे सकरी के नारायण मंगलम में भतीजे की शादी में शामिल होने गए थे। घर में ताला बंद था। दूसरे दिन दोपहर लगभग 2 बजे लौटे तो मुख्य ताले टूटे मिले। भीतर प्रवेश करते ही पूरा सामान बिखरा हुआ देखा गया। पड़ताल में पता चला कि चोर सीधे मुख्य दरवाजे से नहीं आए, बल्कि छत की ओर बने रास्ते से घुसे थे। ऊपर लगे दरवाजे की जाली काटकर उन्होंने कुंडी खोली और सीढ़ियों के रास्ते नीचे तक पहुंचे। घर के दूसरे दरवाजे का कुंडा भी उखड़ा हुआ मिला।अलमारी तोड़कर उसमें रखे नगद और जेवरात चोरी कर लिए गए। पुलिस का मानना है कि चोरी पूरी रेकी के बाद की गई है, क्योंकि पड़ोसियों को किसी प्रकार की आवाज या हलचल की जानकारी नहीं मिली। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदेहियों की तलाश में जुटी है।