Blog

ब्रेकअप के बाद रुपये मांगने पर युवक ने की मां-बेटी की हत्या, 48 घंटे में गिरफ्तार

– घर घुसकर मां बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे में गुत्थी सुलझा ली है। मृतिका के घर के पड़ोस में किराना दुकान चलाने वाले आरोपी ने हत्याकांड को अंजाम दिया था। आरोपी का मृतिका युवती से प्रेम संबंध था। ब्रेकअप के बाद भी खर्च के लिए युवती रूपए मांग रही थी। जिसके चलते आरोपी ने बेटी के साथ ही मां को भी मौत के घाट उतार दिया।

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के संवरा पारा में हुई दोहरी हत्या की गुत्थी को रायगढ़ पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया है। मृतका की पूर्व प्रेमी रहे युवक शुभम सेठ को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने ब्रेकअप के बाद भी रुपये मांगने से नाराज़ होकर मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। यह खुलासा पुलिस द्वारा की गई तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के बाद हुआ, जिसमें आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए गए हैं।

रायगढ़ जिले के पुसौर थाना अंतर्गत संवरापारा में 15 अप्रैल को उर्मिला संवरा (50 वर्ष) और उसकी बेटी पूर्णिमा संवरा (24 वर्ष) का शव पड़ोसी भरत घोबा के निर्माणाधीन मकान के मलबे में मिला था। शवों की हालत देख हत्या की आशंका जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, एएसपी आकाश मरकाम, सीएसपी आकाश शुक्ला, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी पुसौर सहित साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। जांच की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस की नजर मृतका के पड़ोस में किराना दुकान चलाने वाले 20 वर्षीय शुभम सेठ पर गई। प्रारंभिक पूछताछ में ही शुभम टूट गया और जुर्म कबूल कर लिया।

ब्रेकअप के बाद भी धमकी देकर मांग रही थी रुपये:–

शुभम ने बताया कि उसका पूर्णिमा से पूर्व में प्रेम संबंध था, लेकिन अब ब्रेकअप हो चुका था। बावजूद इसके पूर्णिमा द्वारा पैसों की मांग की जा रही थी, जिससे वह परेशान था। इसी नाराजगी में उसने 14 अप्रैल की रात वारदात को अंजाम दिया। वह लकड़ी के खुरे के साथ छत के रास्ते घर में घुसा और सोती हुई पूर्णिमा पर ताबड़तोड़ वार किए। शोर सुनकर जागी मां उर्मिला ने जब विरोध किया, तो उस पर भी खुरा और क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। हत्या के बाद शवों को पास के निर्माणाधीन मकान में छिपाकर खून के निशान साफ किए और जनशताब्दी ट्रेन से रायपुर भाग गया। पुलिस ने आरोपी शुभम सेठ की निशानदेही पर खून से सने कपड़े, हत्या में प्रयुक्त खुरा, बैट और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस की टीम में ये रहे शामिल:–

इस गंभीर हत्याकांड को सुलझाने में एएसपी आकाश मरकाम, सीएसपी आकाश शुक्ला, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, कुंदन लाल गौर, मनमोहन बैरागी, ऐनु देवांगन, उमाशंकर विश्वाल, राजेश पटेल, दुर्गेश सिंह, धनुर्जय बेहरा, दिनेश गोंड समेत साइबर, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *