आज़ाद पैनल छात्र शक्ति द्वारा नव पदस्थ कुलपति का स्वागत…छात्र हितों के विभिन्न मुद्दों लेकर कुलसचिव को सौंपा गया ज्ञापन

आजाद पैनल छात्र शक्ति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दी शुभकामनाएं, सीएम दुबे महाविद्यालय की अनियमितताओं पर उठाए सवाल
बिलासपुर | अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में आज आजाद पैनल छात्र शक्ति द्वारा नव पदस्थ कुलपति डॉ. ललित प्रकाश पटेरिया से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर छात्र प्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा विश्वविद्यालय में छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण की अपेक्षा व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि डॉ. पटेरिया पूर्व में शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं, जिससे छात्रों को उनके कार्यकाल से सकारात्मक अपेक्षाएं हैं।

अनियमितताओं को लेकर सौंपा गया विस्तृत ज्ञापन
स्वागत उपरांत, छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय के कुल सचिव तर्निश गौतम से भेंट कर सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में व्याप्त विभिन्न प्रशासनिक अनियमितताओं एवं छात्र समस्याओं के संबंध में एक विस्तृत एवं तथ्यों पर आधारित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्र हितों को प्रभावित करने वाले कई गंभीर बिंदुओं को क्रमवार उठाया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से
1. भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव:
19 जुलाई 2025 को जारी सहायक प्राध्यापक भर्ती विज्ञापन के संदर्भ में यह आरोप लगाया गया कि चयन प्रक्रिया में स्पष्टता का अभाव रहा है। पात्र एवं एनईटी योग्य अभ्यर्थियों को उचित प्राथमिकता नहीं दी गई, जिससे योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय की स्थिति उत्पन्न हुई।
2. चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी:
छात्रों ने आरोप लगाया कि नियुक्ति प्रक्रिया में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्धारित मापदंडों का पूर्णतः पालन नहीं किया गया, जिससे चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
3. छात्रों को प्रायोगिक परीक्षाओं से वंचित करना:
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ छात्रों को केवल फीस रसीद के अभाव में प्रायोगिक परीक्षाओं में सम्मिलित होने से रोका गया, जो कि उनके शैक्षणिक भविष्य के लिए गंभीर विषय है और इससे छात्रों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
4. कंप्यूटर विभाग से संबंधित गंभीर शिकायतें:
कंप्यूटर विभाग के संदर्भ में विभागाध्यक्ष डॉ. एस. पावनी को लेकर प्रवेश एवं मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया कि कुछ मामलों में प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्न उठे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए एवं आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे छात्रों के हितों की रक्षा हो सके तथा शैक्षणिक व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास कायम रह सके। उक्त कार्यक्रम आज़ाद पैनल के संस्थापक अभिनेष लल्लन बोले आज़ाद के मार्गदर्शन में विशेष रूप से छात्र नेता हरीश कलशा, नमन रात्रे, सूरज राजपूत, क्रिश साहू, आर्यन खान, विमल मिश्रा, आयुष भार्गव, कृष्णा पांडे समेत अन्य छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।