आत्मानंद स्कूल की छात्राओं के साथ चेकअप के दौरान चिरायु के डॉक्टर ने की अश्लील हरकत, अपराध दर्ज

– स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय की छात्राओं के साथ चिरायु के डॉक्टर ने अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की। डॉक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।
रायपुर – आत्मानंद स्कूल की छात्राओं के साथ चेकअप के दौरान चिरायु के डॉक्टर ने अश्लील हरकत की। छात्राओं से छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर शिक्षकों ने चेकअप रुकवाया। अब छात्रा की शिकायत पर चिरायु के डॉक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यमिक विद्यालय में चिरायु शिविर का आयोजन किया गया था। चिरायु दल स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करता है। धमतरी जिले के चिरायु दल में 10 महिला व 10 पुरुष डॉक्टरों को रखा गया है। छात्रों का चेकअप नियम के अनुसार पुरुष डॉक्टर व छात्राओं का चेकअप महिला डॉक्टर के द्वारा किया जाता है। गर्ल्स स्कूल में महिला चिकित्सक वही बॉयज स्कूल में पुरुष चिकित्सक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जाते हैं। वही को –एजुकेशन वाले स्कूलों में महिला व पुरुष चिकित्सकों का संयुक्त दल परीक्षण के लिए जाता है। महिला चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में अगले दिन महिला चिकित्सक के साथ को–,एजुकेशन वाले स्कूलों में परीक्षण के लिए भेजा जाता है।
7 अगस्त को कोतवाली थाना क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में चिरायु शिविर का आयोजन किया गया। सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग ने लापरवाही बरतते हुए सिर्फ पुरुष चिकित्सक को छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्कूल में भेज दिया। दोपहर 1:00 बजे चिरायु टीम डॉक्टर कुलदीप आनंद के नेतृत्व में स्कूल पहुंची यहां 9 वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की जा रही थी। इसी दौरान छात्राओं ने स्कूल की एक शिक्षिका को डॉक्टर के द्वारा अश्लील हरकत करने की जानकारी दी।
शिक्षिका ने इसकी जानकारी प्राचार्य को दी। तब प्राचार्य ने शिक्षिका को छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण वाली जगह पर बैठने और मामले पर नजर रखने को कहा। प्राचार्य के निर्देश पर शिक्षिका शिविर में जाकर बैठ गई और डॉक्टर की हरकतों को नोटिस करने लगी। शिक्षिका ने भी पाया कि डॉक्टर परीक्षण के बहाने मनमानी और छात्राओं के साथ अश्लील हरकत कर रहा है। तब शिक्षिका ने भी इसका विरोध किया और प्राचार्य तक जानकारी पहुंचाई। प्राचार्य और स्कूल के अन्य शिक्षक–शिक्षिकाओं ने पहुंचकर डॉक्टर के कृत्य का विरोध करना शुरू कर दिया. तब डॉक्टर ने उनसे भी दुर्व्यवहार करते हुए अपने पद की धौंस दिखाई।
घटना की जानकारी लगते ही स्कूल में डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी, डीईओ, बीईओ पहुंच गए। स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने इसकी लिखित शिकायत सीएमएचओ से की है। जिसमें बताया गया है कि डॉ कुलदीप आनंद के द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान छात्राओं से गलत व्यवहार, बेड टच और अश्लील कमेंट किया गया है। शिक्षकों व अन्य स्टाफ के विरोध करने पर उन पर भी पद का धौंस दिखाकर दुर्व्यवहार किया गया। डॉक्टर के ऊपर कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है। वहीं कोतवाली थाने में आरोपी डॉक्टर कुलदीप आनंद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1),88 और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।