धान खरीदी से पहले बड़ा झटका, हजारों किसानों का रकबा 0.000

तकनीकी गड़बड़ी ने किसानों को फंसाया,रकबा शून्य,धान बिकेगा कैसे
बिलासपुर।धान खरीदी सीजन शुरू होने से ठीक पहले बिलासपुर जिले में एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। इस त्रुटि ने हजारों किसानों को भारी संकट में डाल दिया है। कई गांवों के किसानों के पंजीयन में रकबा 0.000 दिख रहा है, जिससे उन्हें इस बार समर्थन मूल्य पर धान बेचने में बड़ी परेशानी आ सकती है।
दरअसल यह गंभीर समस्या ग्राम पंचायत मस्तूरी अंतर्गत पचपेड़ी के केवटाडीह, भूतहा पटवारी हल्का 23 और गोड़ाडीह सेवा सहकारी समिति मर्यादित, पंजीयन क्रमांक 57 के किसानों के साथ देखने को मिली है। इन किसानों ने जब पोर्टल पर अपनी जानकारी देखी, तो रकबा शून्य दिखा, जबकि सभी का पंजीयन समय पर एग्रीस्टेक एवं कैरी फॉरवर्ड प्रक्रिया के तहत हो चुका है।किसानों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। कई किसानों की धान गिरदावरी भौतिक सत्यापन रिपोर्ट में फसल विवरण उपलब्ध ही नहीं बताया जा रहा है। यानी सिस्टम ही यह स्वीकार नहीं कर रहा कि किसानों ने खेतों में धान बोया है! यह तकनीकी त्रुटि किसानों को धान विक्रय और सरकारी लाभ, दोनों से वंचित कर सकती है।अपनी समस्या को लेकर आज गांव के सभी किसान एक साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के नाम सामूहिक आवेदन सौंपकर अपनी पीड़ा बताई। किसानों का कहना है कि यह त्रुटि नई नहीं है। पहले वे तहसील कार्यालय पचपेड़ी गए, फिर 28 अक्टूबर 2025 को एसडीएम और कलेक्टर को भी आवेदन दिया गया, लेकिन कई बार गुहार लगाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।किसानों ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से पटवारी, तहसील कार्यालय और सीएससी सेंटर के लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। थककर वे अब कलेक्टर के पास पहुंचे हैं।किसान साफ कह रहे हैं कि यदि रकबा संबंधी त्रुटि और फसल विवरण अपडेट नहीं हुआ, तो धान खरीदी शुरू होने पर उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। न केवल समर्थन मूल्य से वंचित होंगे, बल्कि कृषि संबंधी अन्य योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पाएगा।ग्रामीण किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जिला प्रशासन जल्द से जल्द इस तकनीकी गड़बड़ी को ठीक करेगा, ताकि धान खरीदी के दौरान उनकी मेहनत बेकार न जाए। अब देखना यह है कि शिकायतों की लंबी कतार कब तक समाधान तक पहुंचती है।
*सिस्टम की भारी गलती,किसानों का धान पंजीयन रकबा गायब*
कलेक्टर के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंचे किसानों ने अपनी फरियाद सुनाई और
कहा कि सिस्टम की लापरवाही से किसानों के धान खरीदी की समस्या होने लगी है।
इसलिए इसे जल्द ठीक कराया जाए,ताकि किसानों को धान खरीदी में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए।
*रकबा शून्य…किसान लाचार,धान खरीदी पर मंडराया खतरा*
किसानों का कहना है कि अब किसानों के लिए धान खरीदी की समस्या होने लगी है जिसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी।जबकि धान खरीदी के समय ही ऐसा होता है।इससे किसानों को धान खरीदी में काफी समस्या होती है।