Blog

आम के बगीचे में गिरी आकाशीय बिजली, आम लेने गए दो किशोर आए चपेट में, एक की मौके पर ही मौत, दूसरा गंभीर रूप से झुलस लड़ रहा जिंदगी और मौत की जंग

आम के बगीचे में गाज गिरने से पेड़ के नीचे खड़े 16 वर्षीय किशोर की गाज की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। वही 14 वर्षीय बालक गंभीर रूप से झुलस गया,जिसका ईलाज जारी है।

बिलासपुर। आंधी– तूफान के साथ हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आकर दो किशोर झुलस गए। इनमें से एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है।

रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरवीडीह में रहने वाले कालीचरण यादव किसान हैं। शनिवार की दोपहर तेज हवा चलने पर उनका 16 वर्षीय बेटा योगेश यादव आंधी– तूफान में पेड़ से गिरे आमों को बीनने आम के बगीचे में गया था। उसके साथ गांव के अन्य बच्चे भी थे। योगेश के साथ उसका 14 वर्षीय बच्चा कुलदीप साहू भी था। योगेश और कुलदीप दोस्त थे। दोपहर को करीब 3:00 बजे बारिश शुरु हो गई। गरज– चमक के साथ शुरू हुई बारिश से बचने अलग–अलग पेड़ो के नीचे खड़े हो गए।

तभी आम के पेड़ के नीचे खड़े योगेश और कुलदीप पर आकाशीय बिजली गिर गईं। गाज की चपेट में आने से 16 वर्षीय बालक योगेश यादव पिता कालीचरण यादव निवासी ग्राम भरवीडीह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 14 वर्षीय कुलदीप साहू गंभीर रूप से झुलस गया।

अन्य बच्चों ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी। तत्काल दोनों बच्चों को परिवार वालों ने रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां योगेश यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुलदीप साहू का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा के बाद उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कल रविवार को पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

गर्मी की छुट्टियों में बुआ के गांव घूमने आया था घायल बालक:–

गाज की चपेट में आकर झुलसा 14 वर्षीय बालक बेलपान क्षेत्र के ग्राम हरदी का निवासी है। गर्मी की छुट्टियों में वह अपने बुआ के गांव भरहीडीह आया था। योगेश से उसकी दोस्ती थी। दिनभर दोनों साथ घूमते और साथ रहते थे। उस दिन भी दोनों साथ घूम रहे थे और आंधी में पेड़ से गिरे आम उठाने गए थे। बारिश होने पर बारिश से बचने के लिए एक ही पेड़ के नीचे खड़े हो गए और हादसे का शिकार हो गए। उसके जल्दी ठीक होने के लिए परिजन ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *