इंस्टाग्राम पर रील बनाकर मुसलमानों को कत्लेआम और तेजाब से जलाने की धमकी देने वाला युवक रडार पर

एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन:तहफ्फुज-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट’ ने सौंपी शिकायत
आरोपी को तत्काल जेल भेजने की मांग,
बिलासपुर । मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एक युवक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामला इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे उन जहरीले वीडियो से जुड़ा है।जिसमें दीपका निवासी ऋषभ ओझा ने मुसलमानों को आतंकी और जिहादी कहते हुए उनके अपहरण और तेजाब डालकर हत्या करने की खौफनाक सलाह दी है। तहफ्फुज-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट’ के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर इस ‘नफरत के सौदागर’ पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।
दरअसल सोशल मीडिया की चमक-धमक के बीच नफरत की एक ऐसी पटकथा लिखी गई है जिसने छत्तीसगढ़ की गंगा-जमुनी तहजीब को चोट पहुंचाई है। आरोपी ऋषभ ओझा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक नहीं, बल्कि कई ऐसी रील पोस्ट की हैं जो सीधे तौर पर साम्प्रदायिक दंगे भड़काने की कोशिश नजर आती हैं। वीडियो में आरोपी खुलेआम यह कहता सुना जा सकता है कि गोली मारना पुराना तरीका है, अब सुनसान जगह ले जाकर तेजाब का इस्तेमाल करना चाहिए। यह केवल एक व्यक्ति का बयान नहीं, बल्कि समाज में दहशत फैलाने का एक सोचा-समझा डिजिटल हमला है। इन वीडियो के वायरल होने के बाद से ही शहर के अमन-पसंद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। वायरल वीडियो वायरल होने के बाद अब तहफ्फुज-ए-नामूस-ए-रिसालत एक्शन ट्रस्ट’ के प्रतिनिधिमंडल सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी ऋषभ ओझा की लोकेशन ट्रेस कर उसे फौरन गिरफ्तार करने की मांग की। ट्रस्ट ने पुलिस को डिजिटल साक्ष्य और मेटाडाटा भी उपलब्ध कराए हैं ताकि आरोपी मुकर न सके। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।