एक जैसे मामलों में पुलिस की कार्यवाही का दोहरा रवैया,रसूखदारों के स्टंट पर नाम पते छिपाने वाली पुलिस ने वैसे ही मामले में गिरफ्तारी दिखा बाकायदा जारी की फोटो

पिछले दिनों नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम कर रील बनाने वाले युवाओं पर हाईकोर्ट के आदेश से अपराध दर्ज किया गया। गाड़ियों की जप्ती बना एक युवक का सिर्फ नाम पुलिस ने अपने पुलिस प्रेस ऑफिशियल ग्रुप में बताया और बाकी उसके साथियों पर कार्रवाई की जानकारी दी गई उनके फोटो प्रकाशित नहीं किए गए। जबकि तीन दिनों बाद इसी तरह की एक स्टंट की कार्रवाई में जमानती धाराओं में अपराध दर्ज होने के बावजूद भी मुचलका देने से पहले आरोपियों की तरह युवकों का बकायदा फोटो खींच मीडिया में दिया गया।

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस एक जैसे मामले में कार्यवाही के लिए आम और खास लोगों पर दोहरा रवैया अपनाती हैं। ट्रैफिक जाम कर नेशनल हाईवे में स्टंट करने वाले रसूखदारों की गिरफ्तारी पर नाम पता फोटो छुपाने वाली पुलिस ने तीन दिनों बाद ही हुई स्टंट के मामले में दूसरी कार्यवाही में बेलेबल धारा में भी बकायदा युवाओं को थाने में गिरफ्तारी की तरह खड़ा कर उनका फोटो मीडिया में प्रकाशन हेतु दिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
रसूखदारों के स्टंट करने और ट्रैफिक जाम करने के मामले में पुलिस ने पहले संज्ञान नहीं लिया फिर मीडिया और सोशल मीडिया में मामला आने के बाद दो–दो हजार रुपए का चालान सात गाड़ियों में काट दिया। पर किनकी गाड़ियों का चालान काटा है,कौन सी गाड़ियां हैं और मालिक कौन है इसकी जानकारी पुलिस के ऑफिशियल ग्रुप में नहीं दी गई। सिर्फ इतना बताया गया कि 6 गाड़ियों का दो – दो हजार रुपए का चालान काटा गया है। बाद में एक अन्य गाड़ी का भी चालान काटा गया। मीडिया में खबर आने के बाद हाईकोर्ट ने इसे संज्ञान लिया और सोमवार को यथोचित धाराओं में अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। आदेश जारी करने के 12 घंटे के भीतर ही एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने गाड़ियां जप्त कर ली और रसूखदारों की गिरफ्तारी शो कर मामला जमानती होने के चलते तत्काल जमानत मुचलका भी दे दिया गया। वहीं पुलिस के ऑफिशियल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप मे स्टंट करने वाले एक युवक का नाम और उसके साथियों के ऊपर गिरफ्तारी की कार्यवाही करने की जानकारी दी गई । युवक के बाकी 6 साथियों के नाम पते ही दिए गए और ना ही मुचलके की जानकारी दी गई। उनकी फोटो भी जारी नहीं की गई।
वहीं इसी बिलासपुर जिले की पुलिस ने इसके तीन दिन बाद कल गुरुवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिवर व्यू में कार का सनरूफ खोलकर स्टंट करने के आरोप में चार युवाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें पकड़ा। युवकों का कार में स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। चारों युवकों के खिलाफ जमानती धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। इन पर अलग से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी नहीं की गई थी। बावजूद इसके जमानत/ मुचलका करने से पहले चारों युवकों को बकायदा अपराधियों की तरह थाने में खड़ा कर फोटो खिंचवाया गया और इसे बकायदा पुलिस प्रेस ग्रुप में शेयर किया गया।
क्या था मामला:–
23 जुलाई की रात न्यू रिवर व्यू रोड पर कार क्रमांक सीजी – 10 बीपी – 9101 में सवार चार युवक तेज गति से स्टंट कर रहे थे। युवक कार की सनरूफ खोलकर बाहर निकलकर इंटरनेट मीडिया पर डालने के लिए वीडियो और सेल्फी ले रहे थे। इससे न केवल उनकी जान खतरे में थी, बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी संकट में आ गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने चारों युवकों को पकड़ लिया। युवकों के खिलाफ अपराध धारा 281, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और 184, 189 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार युवक:–
1. लव उर्फ लक्की कुम्भकार, निवासी कपिल नगर, सरकंडा
2. अरमान उर्फ ऋषभ कुम्भकार, निवासी एनटीपीसी क्वार्टर सीपत (वर्तमान पता – विनोबा नगर)
3. रमाशंकर कौशिक, निवासी पुराना सरकंडा
4. प्रियांशु कश्यप, निवासी माता चौरा, सरकंडा
सड़क की मांग पर चक्का जाम करने वाले ग्रामीण युवाओं की भी हुई थी गिरफ्तारी शो:–
तखतपुर थाना क्षेत्र में जर्जर सड़क के चलते सड़क पर धरना प्रदर्शन कर युवाओं ने सड़क बनवाने की मांग की थी। इस दौरान वहां से गुजर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री को भी रास्ता नहीं दिया गया। मामले में पुलिस ने सड़क जाम करने पर अपराध दर्ज कर एक दर्जन ग्रामीण युवाओं को गिरफ्तार किया था। उन पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही अलग से की गई और कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस मामले में भी पुलिस ने बकायदा युवकों की फोटों प्रकाशन हेतु दी थी। एक ही प्रकृति के तीन अलग-अलग मामलों में बिलासपुर पुलिस का रवैया आम और खास लोगों के लिए अलग – अलग रहा।