Blog

एनएसएस विशेष शिविर के पाँचवें दिन स्वच्छता, जल संरक्षण और कृषि नवाचार पर जोर

बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर की एनएसएस इकाई द्वारा ग्राम रामनगर कछार, विकासखंड बिल्हा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें दिन आज दिनांक 29 मार्च 2026 को विविध सामाजिक, शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।

दिन की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा विद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने परिसर की सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

इसके पश्चात स्वयंसेवकों की टीम ने ग्राम अमतरा स्थित तालाब के चारों ओर सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों ने बताया कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना वर्तमान समय की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम कछार के प्रगतिशील कृषक एवं डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित श्री सुरेंद्र कश्यप तथा श्री मयंक कश्यप के खेतों का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने लौकी, कटहल एवं केले की उन्नत खेती पद्धतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल प्रबंधन एवं आयवृद्धि के उपायों पर अपने अनुभव साझा किए, जिससे स्वयंसेवकों को व्यावहारिक ज्ञान मिला।

रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत तनय बानी एवं ईशा पटेल द्वारा “एक कदम स्वच्छता की ओर” विषय पर आकर्षक दीवार लेखन वॉल पेंटिंग किया गया, जिसने स्वच्छता संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु स्वयंसेवकों ने “नशा मुक्ति” विषय पर नुक्कड़ नाटक का अभ्यास किया। यह प्रस्तुति आगामी दिनों में ग्रामीणों के बीच प्रदर्शित की जाएगी, जिससे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।

शिविर के दैनिक संचालन में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आज भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी हिमांशु, भाग्यश्री, प्राची, गौरव एवं समीक्षा कुशवाहा द्वारा निभाई गई।

इस प्रकार, एनएसएस विशेष शिविर का पाँचवाँ दिन समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि शिक्षा एवं जनजागरूकता के समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *