एनटीपीसी सीपत के कोयला ट्रेन में मिला 30 वर्षीय युवक का शव

मचा हड़कंप, सीपत पुलिस जुटी जांच में
बिलासपुर। सीपत एनटीपीसी सीपत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कोयला खाली करने पहुंची ट्रेन के हॉपर से एक युवक का शव बरामद हुआ है। शव लगभग दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।

सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि मृतक की पहचान कल्याण दास उम्र 30 वर्ष पिता बाबू दास निवासी ग्राम मरकाडीह थाना अकलतरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। बताया जा रहा है कि जब दीपका से कोयला लेकर पहुंची ट्रेन को एनटीपीसी सीपत में खाली किया जा रहा था, उसी दौरान ट्रैक कॉपर 2 में बने हॉपर में युवक का शव नजर आया। शव को देख वहां काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। तुरंत इसकी सूचना एनटीपीसी अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद सीपत पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा
रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।