एयरपोर्ट पर अचानक पहुंचा सियार,मचा हड़कंप

बिलासपुर। चकरभाठा स्थित बिलासा हवाई अड्डा में उड़ानों के लिए खतरा बने सियारों से आखिरकार राहत मिल गई है। करीब तीन साल से परेशानी का कारण बने चार सियारों को वन विभाग और कानन पेंडारी जू की टीम ने खास रणनीति अपनाकर एयरपोर्ट परिसर से खदेड़ दिया है।एयरपोर्ट प्रबंधन की सूचना पर कानन पेंडारी जू की 10 सदस्यीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सियारों को पकड़ने के बजाय उन्हें भगाने की रणनीति बनाई। इसके तहत झाड़ियों में आग लगाई गई और रनवे की ओर घेराबंदी की गई।टीम के सदस्य अलग-अलग जगहों पर फैलकर हल्ला मचाने लगे, जिससे सियार अपने ठिकानों से बाहर निकल आए। घबराए सियार भागते हुए बाउंड्रीवाल के नीचे बने छेद से बाहर निकल गए। इसके बाद उस छेद को तुरंत बंद कर दिया गया, ताकि वे दोबारा अंदर न आ सकें।दरअसल एयरपोर्ट के करीब 58 हेक्टेयर क्षेत्र में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण घास और झाड़ियां उग आई थीं, जो सियारों का ठिकाना बन गई थीं। पहले भी पिंजरे में मुर्गा बांधकर सियारों को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह योजना नाकाम रही।साल 2023 में पहली बार सियारों का झुंड एयरपोर्ट परिसर में देखा गया था। हाल ही में फिर चार सियार रनवे के आसपास नजर आने लगे थे, जिससे उड़ानों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया था, खासकर नाइट लैंडिंग शुरू होने से पहले यह चिंता और बढ़ गई थी। करीब 6 से 7 घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सियारों को एयरपोर्ट से बाहर खदेड़ दिया है। फिलहाल एयरपोर्ट प्रबंधन ने राहत की सांस ली है, लेकिन भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए नियमित सफाई और निगरानी जरूरी मानी जा रही है।