एलपीजी कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: सैकड़ों सिलेंडर एवं उपकरण जप्त…. 363गैस सिलिंडर बरामद

एलपीजी की जिले में पर्याप्त उपलब्धता, खाद्य विभाग द्वारा नियमानुसार बुकिंग की अपील
बिलासपुर। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के विरुद्ध खाद्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई। शहर के मधुबन, दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास की गई इस छापामार कार्रवाई में भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर एवं संबंधित उपकरण जप्त किए गए। खाद्य नियंत्रक ने कहा कि अवैध भंडारण के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी, उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और बुकिंग नियमानुसार करें।
खाद्य विभाग की टीम द्वारा की गई कार्यवाही में मौके पर पहुंचकर जांच के दौरान 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू गैस सिलेंडर , 5 किलोग्राम के 263 गैस सिलेंडर,चूल्हा बर्नर,8 बोरियों में रेगुलेटर,6 कार्टून एवं 25 नग खुले में, प्रेशर वॉल 25 नग 5-5 के बंडल में जप्त किए गए। यह पूरी सामग्री अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के उद्देश्य से रखी गई थी। विभाग द्वारा मौके पर ही सभी वस्तुओं को जप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य विभाग द्वारा जिले में एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत अब तक 8 प्रकरणों में 310 से अधिक सिलेंडर जप्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कारोबारियों में हड़कंप है।
घर पर भारी मात्रा में सिलिंडर डंप होना खतरे की घंटी
खाद्य विभाग ने बताया मकान के भीतर 353 सिलेंडरों का भंडारण किसी बड़े खतरे से कम नहीं था। घनी आबादी वाले मधुबन क्षेत्र में इस तरह गैस सिलेंडरों को डंप करना सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन है। यदि कोई छोटी सी भी अनहोनी होती, तो पूरे इलाके में भारी तबाही मच सकती थी। विभाग अब मकान मालिक और संचालक की भूमिका की जांच कर रहा है।यह पहली बार नहीं है जब हर्ष किचन केयर का नाम गैस संबंधी अनियमितताओं में सामने आया है। पहले भी विभाग की टीम यहां दबिश दे चुकी है, लेकिन आज मिली बड़ी खेप ने विभाग की सक्रियता बढ़ा दी है। संदेह जताया जा रहा है कि इन सिलेंडरों का उपयोग अवैध रिफिलिंग या ऊंचे दामों पर कालाबाजारी के लिए किया जाना था।
सिलेंडर को लावारिस मानकर ही जब्ती,मकान मालिक।को भेजा जायेगा नोटिस
सिलेंडरों का संबंध जूना बिलासपुर स्थित हर्ष किचन केयर के संचालक हर्ष गुप्ता का बताया जा रहा है। मालूम हो की है कि हर्ष किचन केयर पर खाद्य विभाग की टीम पूर्व में भी दबिश दे चुकी है। उसे दौरान तीन बड़े व तीन छोटे सिलेंडर मिले थे।वर्तमान दबिश के दौरान मौके पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था, अधिकारियों की माने तो उन्होंने हर्ष गुप्ता को फोन किया था लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को लावारिस संपत्ति के रूप में जब्त कर लिया है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों को रखने का क्या उद्देश्य था और इसके पीछे कोई बड़ा अवैध रिफिलिंग रैकेट तो काम नहीं कर रहा है। मामले में संचालक को नोटिस जारी कर दस्तावेजों की मांग की जाएगी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है।
खाद्य अधिकारी बोले,कलाबाजारी नहीं होने दे,सिलिंडर की मात्रा पर्याप्त
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी 35 गैस एजेंसी में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है,उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और नियमानुसार बुकिंग कर निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीमें लगातार निगरानी एवं जांच कर रही हैं। शिकायत मिलने पर तत्काल छापामार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग के नियंत्रक द्वारा आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी,अधिक मूल्य पर बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर प्रशासन को इसकी सूचना दें।