एसईसीएल मुख्यालय में 27 नवंबर से भूविस्थापितों का आमरण अनशन
बिलासपुर।एसईसीएल कोरबा क्षेत्र अंतर्गत सरायपाली बुड़बुड़ खुली खदान के लिए ग्राम राहाडीह , बुड़बुड़ की भूमि अधिग्रहण की गई है । अधिग्रहित भूमि के एवज में मध्यप्रदेश पुनर्वास नीति 1991 के तहत रोजगार देने हेतु आम सहमति बनी थी । जिसमें जिलाधीश रजत कुमार , विधायक रामदयाल उईके , सांसद प्रतिनिधि प्रशान्त मिश्रा , जिला पंचायत अध्यक्ष , जनपद अध्यक्ष पाली , सरपंच , पंच ग्रामीण एवं प्रशासन से जिला पंचायत सी ई ओ, महाप्रबंधक कोरबा जेड एच खान एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे । बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सप्ताह भर के अंदर नामांकन लेकर सत्यापन कराने हेतु सहमति बनी थी । जिसके अनुसार नामांकन प्राप्त कर सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई थी ।
प्रबंधन के अधिकारी ग्रामीणों एवं प्रशासन के मध्य बनी सहमति को दरकिनार कर वर्ष 2016 में कोल इंडिया पॉलिसी 2012 को लागू कर रोजगार देना प्रारंभ कर दिए । जिसका ग्रामीणों ने लिखित में आपत्ति दर्ज कराई । इसके बावजूद खातेदार एवं आश्रितों को कोल इंडिया पॉलिसी 2012 के तहत रोजगार देना जारी रखा गया । इसके खिलाफ ग्रामीणों ने माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका दाखिल किया । जहां उच्च न्यायालय बिलासपुर के द्वारा खातेदारों के पक्ष में फैसला देते हुए 45 दिन के भीतर रोजगार देने का आदेश पारित किया । जिसके खिलाफ एसईसीएल ने डबल बेंच में अपील की जहां अपील खारिज हो गई । एसईसीएल हाईकोर्ट के आदेश अनुसार रोजगार देने के बजाय कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या कर रोजगार प्रदान नही कर रहा है । महाप्रबंधक कोरबा के द्वारा खातेदारों को पत्र प्रदान कर सूचित किया है कि , न्यायालय के परिपालन में दस्तावेज का अध्ययन किया गया एवं आदेशानुसार छत्तीसगढ़ पुनर्वास नीति 2007 के अनुसार जितना रोजगार दिया जाना था । उससे ज्यादा रोजगार दी जा चुकी है । अतः और रोजगार दिया जाना संभव नहीं है ।
एसईसीएल मुख्यालय के द्वारा रोजगार देने के लिए वर्ष 2004 में नियम तय किए गए थे । उस नियम के अनुसार मध्यप्रदेश पुनर्वास नीति लागू होगी । न्यायालय के द्वारा पारित आदेश में भी अर्जन के समय प्रचलित पुनर्वास नीति के तहत रोजगार देने का आदेश पारित किया है । जिसका पालन नहीं किया जा रहा है । जिससे त्रस्त होकर खातेदार 27 नवंबर से एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर के सामने अनशन पर बैठेंगे । जिसमें हेमलाल श्रीवास , संतोष , दिलीप कुमार , शिवकुमार , रुपचंद जायसवाल उपस्थित रहेंगे।