एसीबी के हत्थे चढ़े एक ही दिन में पांच रिश्वतखोर, देखें खबर
रायपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो का भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। आज एक ही दिन में पांच भ्रष्टाचार के आरोपियों को एसीबी ने गिरफ्तार किया है।
इंडियन ओवरसीज बैंक फर्जी ज्वेल लोन केस में प्रबंधक एवं दो लिपिक गिरफ्तार:–
ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक-01/2023 धारा 13 (क) भ्र०नि०अधि0 1988 यथासंशोधित अधिनियम 2018 एवं धारा 409 भादवि0 में वर्ष 2022 में इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा राजिम, जिला गरियाबंद में खाताधारकों के बंद खातों के माध्यम से फर्जी ज्वेल लोन निकालकर बैंक अधिकारियों द्वारा गबन कर स्वयं को लाभ पहुंचाने हेतु बैंक के सर्विलायंस एवं मॉनिटरिंग मैकेनिज्म को ब्रेक कर वेरिफिकेशन के प्रत्येक स्तर पर फर्जी अप्रूवल देकर गरीब किसानों के अकाउंट में लोन का पैसा डालकर पूर्व में बैंक के गिरफ्तार सहायक प्रबंधक सुश्री अंकिता पाणिग्रही के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किये गये और जोरोधा नामक शेयर ट्रेडिंग प्लेटफार्म का उपयोग कर फ्यूचर्स एवं ऑप्शन नामक ट्रेडिंग स्कीमों में 1.65 करोड़ रूपये लगाकर पूरा पैसा हार गये, जिससे बैंक को आर्थिक हानि हुई। आज दिनांक 21.04.2025 को बैंक के प्रबंधक सुनील कुमार को बिहार से तथा लिपिक खेमन लाल कंवर एवं लिपिक योगेश पटेल को विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस रिमाण्ड लिया गया है। प्रकरण में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम विवेचना जारी है।
आरोपी-सुनील कुमार
आरोपी-खेमन लाल कंवर
आरोपी-योगेश पटेल
एसीबी के 02 अलग-अलग प्रकरण में लोकसेवक रिश्वत लेते गिरफ्तार:–
(1) जिला रायपुर में बिजली विभाग के सहायक अभियंता रिश्वत लेते गिरफ्तार
प्रार्थी बी. शिवाजी राव निवासी चरोदा, भिलाई द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत की गई कि उसके द्वारा एसी सर्विस के व्यवसाय चालू करने हेतु 12 किलोवाट थ्री-फेस बिजली कनेक्शन की आवश्यकता होने से छ०ग०राज्य विद्युत वितरण कंपनी चंगोराभाठा जोन में आवेदन किया गया। थ्री-फेस बिजली कनेक्शन देने के एवज में छ०ग० राज्य विद्युत वितरण कंपनी चंगोराभाठा जोन में पदस्थ सहायक अभियंता प्रवीण साहू के द्वारा 25,000 रू. रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि उसे रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। अतः शिकायत के सत्यापन पश्चात एसीबी रायपुर द्वारा ट्रेप आयोजित कर आज दिनांक 21.04.2025 को रिश्वत की राशि 25,000 रू. लेते हुये सहायक अभियंता प्रवीण साहू को रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की जा रही है।
आरोपी- प्रवीण साहू
(2) जिला कोरबा में पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार:–
प्रार्थी समर सिंह, निवासी दुल्लापुर पाली, जिला कोरबा द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि वह 40 वर्षों से ग्राम दुल्लापुर में करीब सवा तीन एकड़ जमीन पर काबिज होकर खेती कर रहा है। राजस्व रिकार्ड में प्रार्थी का नाम ऑनलाइन दर्ज करने के एवज में पाली में पदस्थ पटवारी सुल्तान सिंह बंजारा के द्वारा 25,000 रू. रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी पटवारी को रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि उसे रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। अतः शिकायत के सत्यापन पश्चात एसीबी बिलासपुर द्वारा ट्रेप आयोजित कर आज दिनांक 21.04.2025 को रिश्वत के प्रथम किश्त 10,000 रू. लेते हुये पटवारी सुल्तान सिंह बंजारा को रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् कार्यवाही की जा रही है।
आरोपी-सुल्तान सिंह बंजारा