एसी की पाइप काटकर चोरी
कंपोजिट बिल्डिंग में चोर बेखौफ,
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
बिलासपुर ।शहर में इन दिनों चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रजिस्ट्री ऑफिस के पास स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में अज्ञात चोरों का आतंक देखने को मिल रहा है। जहां रात के समय लगातार चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक चोर बिल्डिंग में लगे एसी की पाइप लाइन को निशाना बना रहे हैं। वे बड़ी सफाई से एयर कंडीशनर की कॉपर पाइप काटकर अपने साथ ले जाते हैं। जिससे न केवल उपकरण खराब हो रहे हैं बल्कि संस्थान को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस तरह की घटनाओं के कारण बिल्डिंग में लगे कई एसी बंद हो चुके हैं। लगातार हो रही चोरी से कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इस तरह की वारदातें और बढ़ सकती हैं। घटना की पूरी तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जिससे जल्द ही चोरों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए।