ऑटो चालक की सूझबूझ से बिलासपुर में बड़ी अनहोनी टली, आगरा भाग रहीं तीन नाबालिग छात्राएं सुरक्षित बरामद
स्कूल ड्रेस में घर से निकलीं छात्राओं ने रास्ते में पहना बुर्का, चालक को हुआ शक तो पुलिस को दी सूचना
बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सतर्क ऑटो चालक की समझदारी से तीन नाबालिग छात्राओं को बड़ी मुसीबत में फंसने से बचा लिया गया। स्कूल ड्रेस में घर से निकलीं तीनों छात्राएं गुरुनानक चौक से ऑटो में बैठकर रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकली थीं और आगरा जाने की जिद कर रही थीं।ऑटो चालक को उस समय शक हुआ जब रास्ते में छात्राओं ने पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहन लिया और जल्द से जल्द स्टेशन पहुंचाने का दबाव बनाने लगीं। बातचीत के दौरान जब चालक को पता चला कि उनके पास करीब 70 हजार रुपये भी हैं और वे बिना किसी अभिभावक के अकेले आगरा जाने की बात कर रही हैं, तो मामला उसे संदिग्ध लगा।स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत डायल 112 को सूचना दी और चतुराई से ऑटो को उसलापुर स्टेशन की ओर ले गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों छात्राओं को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया और पूछताछ शुरू की।जांच के दौरान सामने आया कि छात्राओं में से एक अपने माता-पिता के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद और घरेलू तनाव से बेहद परेशान थी। इसी वजह से उसने अपने पिता से मिलने के लिए आगरा जाने का फैसला किया और भावनात्मक आवेश में अपनी दो सहेलियों को भी साथ ले लिया।सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि पुलिस ने तीनों छात्राओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने अभिभावकों को भी समझाइश दी है कि किशोरावस्था में बच्चों के साथ संवाद और संवेदनशील व्यवहार बेहद जरूरी है, ताकि वे भावनात्मक आवेश में ऐसा कदम न उठाएं।