Blog

ऑटो में ध्यान भटकाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार, सिविल लाइन पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ऑटो में सवारी के दौरान महिला का ध्यान भटकाकर मंगलसूत्र और नगदी चोरी करने वाली तीन महिला आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र और नगदी सहित कुल 30 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

मामला 16 दिसंबर 2025 का है, जब प्रार्थिया मनीषा सोनी, निवासी अटल आवास, थाना सकरी, बिलासपुर, ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि ऑटो में सफर के दौरान कुछ अज्ञात महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर उनका ध्यान भटकाया और इसी दौरान मंगलसूत्र व नगदी चोरी कर ली।

शिकायत मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटना के कुछ ही घंटों में पुलिस ने तीनों महिला आरोपियों—रचना गिरी गोस्वामी, कौशिल्या गिरी गोस्वामी और रजन गिरी गोस्वामी—को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नग मंगलसूत्र और नगदी बरामद कर ली, जिसकी कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

सिविल लाइन पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *