Blog

स्कूली बच्चों से खिंचवाया गया ट्रांसफार्मर, हाई कोर्ट ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को नोटिस

बिलासपुर जिले के तखतपुर ब्लॉक के चना डोंगरी गांव में लापरवाही का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका दिया। यहां हाईस्कूल परिसर में बिजली का भारी-भरकम ट्रांसफार्मर स्कूली बच्चों से रस्सी खिंचवाकर ले जाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह मामला अब हाई कोर्ट तक पहुंच गया है।

चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की बेंच ने इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से शपथ पत्र तलब किया है। कोर्ट ने पूछा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था की जा रही है। साथ ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी पेश करने को कहा गया है।

घटना के बाद बिजली विभाग भी हरकत में आ गया है। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मिलियन पांडे ने सकरी के असिस्टेंट इंजीनियर योगेश साहू को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आगे से इस तरह का कार्य केवल प्रशिक्षित विद्युत कर्मचारियों से ही करवाया जाए, न कि किसी अन्य से।

सोमवार को घटी इस घटना में वीडियो में दर्जनों छोटे-छोटे स्कूली बच्चे रस्सी के सहारे ट्रांसफार्मर खींचते दिखाई दे रहे हैं। जान-माल की बड़ी आशंका के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर अब विभागीय कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

यह मामला अब न केवल शिक्षा और बिजली विभाग की जवाबदेही पर सवाल खड़ा कर रहा है, बल्कि सरकारी कामकाज में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी का बड़ा उदाहरण भी बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *