Blog

ऑपरेशन शंखनाद: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप से 26 गौवंश मुक्त, गौ तस्कर फरार

जशपुर । जिले में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग पिकअप वाहनों से 26 गौवंशों को मुक्त कराया है। ये गौवंश पिकअप में बेरहमी से भरकर झारखंड की ओर ले जाए जा रहे थे। हालांकि कार्रवाई के दौरान गौ तस्कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 16 और 17 दिसंबर की दरम्यानी रात भारी संख्या में गौवंशों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लोरो घाट में नाकाबंदी की गई।

रात करीब 3 से 4 बजे के बीच दो संदिग्ध पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस को देख तस्करों ने वाहन तेज रफ्तार में भगाना शुरू कर दिया। एक पिकअप जशपुर की ओर भागी, जो काईकछार के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस वाहन से 10 गौवंश बरामद किए गए, जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी।

दूसरी पिकअप दुलदुला–कुनकुरी मार्ग की ओर भागी, जिसे कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम गड़ाकाटा के पास छोड़कर तस्कर फरार हो गए। इस वाहन से सब्जी के कैरेट के पीछे छिपाकर रखे गए 16 गौवंश मिले, जिनमें से 3 गौवंशों की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने सभी जीवित गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कर विधिवत अंतिम संस्कार कराया। तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहन—क्रमांक JH-01-VY-7119 और JH-01-FK-5521—को जब्त कर लिया गया है।

गौ तस्करों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी को लेकर बेहद संवेदनशील है। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *