कबाड़ी गोदाम में लगी भीषण आग,लाखों का माल जलकर राख

लाखों का सामान खाक,इलाके में मचा हड़कंप
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराजपारा स्थित प्रभात चौक के पास एक कबाड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपए का कबाड़ जलकर खाक हो गया। घनी आबादी वाले इलाके में आग लगने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह आग जायसवाल कबाड़ी के गोदाम में लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।