कांकेर में काल बनकर दौड़ी रफ्तार, दो कारों की टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 3 गंभीर

कांकेर। जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना नेशनल हाईवे-30 पर नाथिया नवागांव के पास की है, जहां उड़कुडा निवासी परिवार की कार की दूसरी कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 3 महिलाओं, 2 पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में दूसरी कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एसपी निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि मामले की जांच की जा रही है।फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।