कांग्रेसी बोले,सब्जी में डलने वाला वह धनिया कौन है जो आखरी में आता है और महत्वपूर्ण बन जाता है,ऐसे धनिया पत्ती को पहचानना है, और ऐसे धनिया से बच कर रहना है।

।
प्रदेश के सह प्रभारी और जिले के प्रभारी के सामने हुई बैठक
हार जीत की समीक्षा और संगठन को मजबूत करने लिया संकल्प
पुराने लोगों को तवज्जो और नगरीय निकाय में युवाओं को मौका देने की हुई मांग
बिलासपुर। कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश सह प्रभारी और जिला प्रभारी के सामने यह बात सामने आई कि सब्जी में डलने वाला वह धनिया कौन है जो आखरी में आता है और महत्वपूर्ण बन जाता है। ऐसे धनिया पत्ती को पहचानना है। और ऐसे धनिया से बच कर रहना है। ये सुनकर कांग्रेसी देखते रह गए एक दूसरे के चेहरे।
दरअसल आज कांग्रेस भवन में दो दिवसीय कांग्रेसियों की मीटिंग रही। पहले दिन शहर के कांग्रेसियों की बैठक रही। दूसरे दिन ग्रामीण क्षेत्र के कांग्रेसियों की बैठक रही।
इस बैठक में प्रदेश के सह प्रभारी विजय जांगिड़ और जिले के प्रभारी सुबोध हरितवाल ने कई मुद्दों पर बात की।
जिन्होने संगठन की बात शुरू की तो सबसे पहले कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन में साथ देने वालो को तवज्जो मिलना चाहिए जो शुरू से साथ दिए है। संगठन में नए लोगों को जोड़ना चाहिए युवकों को मौका देना चाहिए। जिन्होने बिना सत्ता के कांग्रेस का भी साथ दिया और सत्ता आने के बाद भी साथ दिया और आज भी सत्ता नहीं है तो कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रहे है।संगठन ऐसे लोगों से ज्यादा प्रभावित रहता है और लोग भी प्रभावित होकर जुड़ते है।
कांग्रेस नेता अर्जुन तिवारी ने प्रदेश के सह प्रभारी से कहा कि सब्जी बनती है और उसमें तेज पत्ता भी डाला जाता है। और तेज पत्ता आखरी तक रहता है जो स्वाद देता है। लेकिन सब्जी बनकर तैयार होती है और ऊपर से जो धनिया डाला जाता है महत्व उसका हो जाता है और ऐसे धनिया को ज्यादा तवज्जो मिलता है। तो हमे ऐसे धनिया से बचना है तभी कांग्रेस फिर से सत्ता में लौटेगी और प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी सरकार बना पायेगी।
लेकिन कांग्रेस में सबसे ज्यादा उनको महत्व मिलता है जो बाद में आते है और शुरू से कम करते है उनका महत्व कम हो जाता है। इसलिए कांग्रेस के नेताओं को चाहिए कि लोगों को पहचाने और ऐसे लोगों को चिन्हांकित करे जो मौका देखकर कांग्रेस से जुड़ते है और अवसर देखते है।
इसी तरह बिल्हा से चुनाव लड़ चुके राजेंद्र शुक्ला ने अपने अंदाज में कहा कि कांग्रेस को हार जीत की समीक्षा करनी चाहिए। जो हो नहीं रही है। सत्ता से हटने और हार के कारणों की कोई समीक्षा नहीं हुई न ही किसी तरह की कोई गलतियों को सुधारने का काम किया जा रहा है। क्योंकि कांग्रेस ही कांग्रेस को हराती है इसमें ऐसे कई लोग है जो रहते तो कांग्रेस पार्टी की तरफ है लेकिन काम दूसरी पार्टी का करते है। जिसके कारण खुद कांग्रेस के प्रत्याशी हार जाते है। उन्होंने प्रदेश में हो रही घटनाओं पर भी ध्यान देते हुए कहा कि लगातार हत्या, चाकूबाजी,लुट और अन्य घटनाओं की बढ़ोतरी हुई है । घर से महिलाओं का निकलना बंद हो गया है लोग अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे है। इन मुद्दों को भी कांग्रेस पार्टी को प्रमुखता से उठाना चाहिए ताकि भाजपा की सरकार का विरोध जोरो से किया जा सके।
वही रश्मि सिंह,राजेंद्र साहू,भुवनेश्वर यादव,विजय केशरवानी और अन्य लोगों ने भी अपनी बातों को प्रदेश सह प्रभारी और जिले के प्रभारी के सामने रखा।
प्रदेश के सह प्रभारी विजय जांगिड़ बोले काम नहीं करने वाले अपनी समस्या बताए
प्रदेश के सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने ग्रामीण क्षेत्र के कांग्रेसियों की बैठक लेकर दो टूक कहा कि समय समय पर मासिक बैठक होना अनिवार्य है और इससे आपस में चर्चा भी होती है।हर ब्लॉक अध्यक्ष,सेक्टर प्रभारी,जिले के अध्यक्ष की जिम्मेदारी है कि वह बैठक करे और अगर उन्हें कोई समस्या है मुझे बताए। मै ऊपर बात करूंगा और अगर कुछ और समस्या है तक वह भी बता दे उनकी जगह किसी और को नियुक्त कर दिया जायेगा।लेकिन कांग्रेस में लापरवाही जरा भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
अंत में सह प्रभारी ने कांग्रेसियों से कहा कि इस समय हम लोग सरकार में नहीं है इसलिए स्वागत,फटाखा,फूल माला, बैंड बाजा और ढोल ताशा की बिल्कुल
भी जरूरत नहीं है जब सरकार आएगी तो उस समय इसका उपयोग करना अच्छा लगेगा।
जिले के प्रभारी सुबोध हरितवाल बोले कि युवाओं को फिर मिलेगा मौका
जिले के प्रभारी हरित ने बैठक में कहा कि युवाओं को मौका दिया जायेगा जैसा कि पिछली बार दिया गया था नगरीय निकाय चुनाव में पिछले बार हमने 200 युवाओं को टिकट दिया था और सवा 100 जीत कर आए थे इस बार भी कोशिश है कि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका दे।
उन्होंने बैठक में यह भी कहा कि युवाओं की ताकत और सीनियर का अनुभव बहुत काम आता है।जिससे संगठन मजबूत होता है।इसलिए कांग्रेसी अनुशासन भी बनाए रखे ताकि आपकी कोई गलती मत निकले।
विजय जांगिड़ ने कहा कि एक तरफ झूठ, भ्रम और जुमले वाली पार्टी है जो लगातार 10 वर्षो से देश की जनता के साथ छल कर रही है, देश आर्थिक रूप से, कमजोर हो रही है ,कर्ज़ 55 लाख करोड़ से बढ़कर 205 लाख करोड़ हो गई,80 करोड़ जनता गरीबी रेखा से नीचे है पर नारा 5 ट्रिलियन का है, किसान बॉर्डर में आंदोलन कर रहे है ,सड़को पर कील ठोके जा रहे है पर नारा किसानों की आय दुगुनी की है, युवा बेरोजगारी में आत्म हत्या कर रहे है पर नारा प्रति वर्ष दो करोड़ नौकरी देने की है , देश गरीबी इंडेक्स में 105 नम्बर में है पर नारा है 2047 तक भारत विश्व गुरु बनने क़ा है।
विजय केशरवानी ने कहा कि जो भी कांग्रेसजन चुनाव लड़ने की इच्छुक है अपनी क्षमता ,परिस्थिति और सम्भवनाओ का अवलोकन कर निर्णय ले ,ताकि परिणाम कांग्रेस के पक्ष में हो ,कई बार भावावेश में लिए गए निर्णय से खुद को हार का सामना करना पड़ता और पार्टी को नुकसान होता है।
ज़िला प्रभारी सुबोध हरितवाल ने कहा कि 10 माह की सरकार वेंटिलेटर में है,कोई भी सरकार इतनी जल्दी बेनकाब नही हुई । महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था,प्रशासनिक कसावट में कमी बड़े मुद्दे है। सरकार की असफलताओ को जनता तक पहुंचाने का अच्छा मौका है,भाजपा के वादे खोखले है ,कार्यकर्ता अभी से कमर कस ले।