टेंट हाउस से कर्मचारी ने चुरा लिए बर्तन, सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई करतूत

बिलासपुर। तिलकनगर स्थित टेंट हाउस से कर्मचारी ने ही एक दर्जन बड़े बर्तन पार कर दिए। सीसीटीवी कैमरे में छेड़छाड़ कर टेंट हाउस का पाइप भी ले गए। दो दिन बाद ही उसने गल्ले से रुपये निकाले। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
तिलक नगर में रहने वाले प्रथमेश कोन्होर(43) देवकीनंदन स्कूल के पास टेंट हाउस चलाते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उनके गोदाम से 12 बड़े बर्तन और पाइप पार हो गए। इस बीच उनके सामान कुछ जगहों पर किराए पर गए थे। इसके कारण बर्तनाें की सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद दो दिन पहले शनिवार को उनके गल्ले से 15 सौ रुपये गायब हो गए। तब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया। इसमें पता चला कि उनके यहां काम करने वाला पन्ना नगर जरहाभाठा निवासी किलकेश बघेल उर्फ नानु उर्फ कारलोश(22) ने रुपये निकाले हैं। उन्होंने गोदाम का सीसीटीवी कैमरा चेक किया तो पता चला कि कैमरे से छेड़छाड़ की गई है। टेंट हाउस के संचालक ने पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर संदेही को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ में उसने 12 बर्तन चोरी करना बताया। इनमें से आठ को तालापारा अंसारी गली में रहने वाले सामारू प्रजापति के पास बेचना बताया। पुलिस ने आरोपित और खरीदार के कब्जे से चोरी के बर्तन जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।