Blog

कांग्रेस के प्रदर्शन पर पुलिस की बडी कार्रवाई

बीजेपी युवा मोर्चा के शिकायत पर हुई कार्रवाई

बिलासपुर_ शहर में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडेय, सदाब खान सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को हुए कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और उसके दौरान किए गए कृत्यों के आधार पर की गई है।
सूत्रों के अनुसार, दर्ज मामले में संबंधित कांग्रेस पदाधिकारियों पर धारा 190, 191(2), 126(2) और 352 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इन धाराओं के तहत अमानवीय कृत्य, आचार संहिता उल्लंघन और मारपीट जैसी स्थितियों से जुड़े प्रावधान शामिल माने जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई हर गतिविधि का वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण किया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह एफआईआर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सीमाएं लांघते हुए न केवल अनुशासनहीनता की, बल्कि राजनीतिक द्वेष की हद पार कर दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए संबंधित नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। गौरतलब है कि कांग्रेस ने कल शहर में जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के पोस्टर पर कथित रूप से अमानवीय कृत्य किया, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। भाजपा ने इसे लोकतांत्रिक विरोध की मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत, साक्ष्य और मौके की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रकरण दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *