Blog

कानन जू की बाघिन आनंदी ने गेटकीपर पर किया हमला, घायल सिम्स में भर्ती

नाइट ड्यूटी के दौरान भोजन-पानी की जांच के लिए केज के पास पहुंचा था कर्मचारी

बिलासपुर। कानन पेंडारी जू में शनिवार शाम बाघिन आनंदी ने गेटकीपर आशीष कौशिक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान बाघिन ने गेटकीपर के हाथों को बुरी तरह से नोच डाला। घायल आशीष कौशिक को तुरंत इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कानन पेंडारी जू के प्रभारी एसके नाग ने बताया कि शाम 7 बजे के आसपास गेटकीपर आशीष नाइट ड्यूटी में था। जू बंद होने के बाद आशीष राउंड पर था कि वन्यप्राणियों को दिया गया भोजन-पानी वे खा चुके हैं या नहीं, इसकी जांच कर रहा था। इसी दौरान जब वह बाघिन आनंदी के केज के पास पहुंचा, तो बाघिन ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इस हमले में उसका दाहिना हाथ जख्मी हो गया। उसकी चीख सुनकर अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे। घायल आशीष को आनन-फानन में उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

लगातार वन्यप्राणी कर रहे हैं हमला

कानन पेंडारी में बाघिन द्वारा गेटकीपर पर हमला करने से कुछ दिन पहले एटीआर के पालतू हाथी राजू ने भी खाना देने वाले कर्मचारी को सूंड से उठाकर पटक दिया था। उसे भी उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। इस तरह एक-एक कर जू और पालतू हाथियों द्वारा अपने सेवा करने वालों पर हमला करने की घटनाएं बढ़ने से वन विभाग के अफसर भी चिंतित हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *