Blog

कालोनी में घुस रहे ट्रक का डाला बिजली तार से टकराया…दो की हालत गंभीर,इलाज के लिए सिम्स में भर्ती

बिलासपुर – शहर के कानन पेंडारी क्षेत्र के पास स्थित न्यू टाउन कॉलोनी में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब कॉलोनी के भीतर प्रवेश कर रहे एक ट्रक का डाला अचानक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही पूरे ट्रक में करंट दौड़ गया, जिससे चालक सहित उसे बचाने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। मिली जानकारी के अनुसार न्यू टाउन कॉलोनी में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान ट्रक चालक विजेंद्र कौशिक अपने वाहन से कॉलोनी के अंदर सामग्री लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चालक का ध्यान भटकने के कारण उसे ऊपर लटके बिजली तार का अंदाजा नहीं लग पाया और ट्रक का डाला सीधे हाई वोल्टेज लाइन से जा टकराया। संपर्क होते ही ट्रक में तेज करंट फैल गया, जिससे चालक बुरी तरह झुलस गया। घटना के दौरान पास मौजूद राम प्रसाद यादव चालक को बचाने के लिए आगे आए, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।जबकि
राम प्रसाद की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद कॉलोनी में बिजली तारों की ऊंचाई और सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण क्षेत्रों में लटकते बिजली तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *