कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर का कुलसचिव द्वारा निरीक्षण

बिलासपुर,।इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक ने बिलासपुर के एकदिवसीय प्रवास के दौरान बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर का निरीक्षण कर शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर उनके साथ डॉ. बी. पी. कतलम, विभागाध्यक्ष, कीट विज्ञान विभाग तथा डॉ. देवशंकर, प्रोफेसर एवं प्रभारी, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन एवं प्रिसीजन फार्मिंग, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर उपस्थित थे।

महाविद्यालय परिसर में आगमन पर कुलसचिव एवं अन्य अतिथियों का स्वागत डॉ. एन. के. चौरे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर; डॉ. एस. के. वर्मा, मुख्य वैज्ञानिक, क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र (आरएआरएस), बिलासपुर तथा डॉ. गीत शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), बिलासपुर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुलसचिव डॉ. दीपक ने प्लांट टिशू कल्चर, मृदा विज्ञान, फल एवं सब्जी संरक्षण एवं प्रसंस्करण, उद्यानिकी, पादप रोग विज्ञान, वायरस इंडेक्सिंग एवं आणविक जीवविज्ञान, प्लांट हेल्थ क्लिनिक, सस्य विज्ञान, कीट विज्ञान, कंप्यूटर प्रयोगशाला, शहतूत रेशम कीट पालन इकाई, आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन प्रयोगशाला तथा केन्द्रीय पुस्तकालय सहित विभिन्न प्रयोगशालाओं एवं सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संचालित अनुसंधान कार्यों की समीक्षा करते हुए संस्थान में उपलब्ध अधोसंरचना, प्रयोगशालाओं के रख-रखाव एवं वैज्ञानिक गतिविधियों की सराहना की।

शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों से संवाद के दौरान कुलसचिव डॉ. दीपक ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल विकास, उद्यमिता तथा स्वरोजगारोन्मुखी कृषि शिक्षा पर विशेष बल दिया, जिससे विद्यार्थी रोजगार खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार सृजन करने वाले बन सकें।

इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय, क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र तथा कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर के संकाय सदस्य, वैज्ञानिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।