कृषि महाविद्यालय में फिट इंडिया सन्डेज ऑन साइकिल मिशन का भव्य आयोजन

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की पहल
बिलासपुर। आज दिनांक 4 मई 2025 को बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में फिट इंडिया सन्डेज ऑन साइकिल मिशन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों और कर्मचारियों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन. के. चौरे के द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्घाटन संबोधन में स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “नियमित व्यायाम, विशेषकर साइकिलिंग जैसी गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करती हैं बल्कि मानसिक रूप से भी स्फूर्तिवान बनाती हैं।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” जैसे संदेश को जीवन में अपनाएं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, वैज्ञानिकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ साइकिल चलाकर फिटनेस अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम का आरंभ प्रातः 7:00 बजे किया गया और सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्ग पर साइकिल यात्रा कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पंजीकरण कर डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त किए गए, जो कि फिट इंडिया मिशन के पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। इस आयोजन ने महाविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता की एक नई ऊर्जा का संचार किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी तथा सहयोगी स्टाफ ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ किया गया।