Blog

कृषि महाविद्यालय में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन

राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी इकाई की पहल

बिलासपुर। देश के नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने एवं निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में वर्ष 2026 में देश का 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है, जिसका इस वर्ष का थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं नए मतदाताओं को मताधिकार के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें मतदाता सूची में सम्मिलित कर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाना है। इस दिवस के आयोजन की शुरुआत वर्ष 2011 में हुई थी और पहली बार 25 जनवरी 2011 को इसे राष्ट्रीय स्तर पर मनाया गया था।

इसी कड़ी में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिरिक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, बिलासपुर श्री शिवकुमार बनर्जी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि एक नैतिक जिम्मेदारी भी है।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह, भा.पु.से. ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने युवाओं से निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, भा.पु.से. ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का एक-एक मत लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है और जागरूक मतदाता ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल, भा. प्र.से. ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान के माध्यम से ही आम नागरिक शासन व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागायुक्त बिलासपुर श्री सुनील जैन, भा.प्र.से.ने इस अवसर पर कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी शक्ति उसके जागरूक मतदाताओं में निहित है। उन्होंने उपस्थित प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश की संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सुनील जैन द्वारा उपस्थित जनसमूह को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा बिना किसी भय, दबाव, धर्म, जाति, वर्ग, भाषा अथवा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के बालक एवं बालिका स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई तथा नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य के माध्यम से आमजन को मतदान के अधिकार और उसके महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में संदीप अग्रवाल, सीईओ, जिला पंचायत बिलासपुर, प्रकाश सर्वे, आयुक्त, नगर पालिक निगम बिलासपुर, ओम पांडे, एम.टी. आलम, अंकुर तिवारी, एस.एल. स्वामी, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय लोरमी–मुंगेली, अजीत विलियम्स, वैज्ञानिक एवं कार्यक्रम अधिकारी, रासेयो, विनोद कुमार निर्मलकर, वैज्ञानिक एवं प्रभारी एनसीसी, अजय टेगर, प्रमेंद्र कुमार केसरी, दिनेश कुमार पांडे, अवनीत कुमार, कृष्णा दहीरे, मो. तहसीन अशरफ, संतोष चंद्राकर, पवन कुमार कौशिक सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. एन.के. चौरे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथियों, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों, प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, रासेयो स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने और जिम्मेदार मतदाता बनने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *