Blog

कृषि में भी है अपार संभावनाएं: आत्मनिर्भर बनने प्रेरित हुईं छात्राएं

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर का किया शैक्षणिक भ्रमण

बिलासपुर – शासकीय माता शबरी नवीन गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, बिलासपुर की बी.एस.सी. एवं जी.ई.
वर्ग की छात्राओं ने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत चयनित SEC विषय फ्लोरीकल्चर एवं गार्डनिंग तथा वर्मीकल्चर एवं वर्मीकंपोस्टिंग विषय की समझ और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

इस भ्रमण का आयोजन प्राचार्य डॉ. के.के. भंडारी के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें संयोजन डॉ. दीपिका महोबिया एवं श्री आनंद कुमार द्वारा किया गया। भ्रमण के दौरान छात्राओं को आधुनिक कृषि तकनीकों, उपकरणों, एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी गई जिससे उन्हें कृषि क्षेत्र में कैरियर और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित होने का अवसर मिला।

कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिक दिनेश पांडेय, नेहा साहू एवं अन्य विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को जैविक खेती, मशरूम उत्पादन, बीज परीक्षण, वर्मी कम्पोस्टिंग, टिशू कल्चर आदि विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, छात्राओं ने आधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया और उन्नत बीजों की गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रिया को समझा।

कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण न केवल छात्राओं के ज्ञानवर्धन के लिए उपयोगी हैं, बल्कि यह उन्हें आत्मनिर्भर बनने एवं कृषि आधारित उद्यमिता की ओर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।छात्राओं ने इस भ्रमण को अत्यंत जानकारीपूर्ण, प्रेरणादायक और भविष्य के लिए उपयोगी अनुभव बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *